समीक्षा के बाद जिला कलक्टर का आदेश, जुलाई के पहले सप्ताह तक झूलते तारों और ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था दुरुस्त होगी
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले में सड़क एवं आम रास्तों को पार करने वाली विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि सभी विद्युत लाइनों का सघन सर्वे कर उन्हें निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक ऊंचाई पर सुनिश्चित किया जाए।
झूलते तारों और ट्रांसफार्मरों की होगी जांच
जिला कलक्टर ने कहा कि सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों से गुजरने वाली ढीली और झूलती विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। साथ ही सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों की ऊंचाई, सुरक्षा व्यवस्था और संरक्षा मानकों की भी जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
सेवा शिविरों में मिलने वाली शिकायतों का होगा तत्काल समाधान
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान बिजली से संबंधित प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। शिविरों में आमजन से फीडबैक लेकर संबंधित क्षेत्रों में सड़क क्रॉसिंग पर स्थित विद्युत लाइनों एवं झूलते तारों को निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा करने के निर्देश
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह कार्य जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


