कठूमर में परिवेदना पर तत्काल कार्रवाई, कच्ची नाली की खुदाई और नाले की मरम्मत शुरू
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में आयोजित शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका कठूमर में आयोजित शिविर के दौरान रेटा रोड क्षेत्र के निवासियों की जलभराव एवं गंदे पानी की निकासी संबंधी लंबे समय से चली आ रही समस्या का मौके पर समाधान कर राहत प्रदान की गई।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई नगर पालिका
शिविर में क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से जलभराव और गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के आवागमन में कठिनाई हो रही थी तथा आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ था।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विक्रांत शर्मा के निर्देशन में टीम ने मौके का निरीक्षण किया और समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए कच्ची नाली की खुदाई करवाई। इसके बाद पानी की निकासी का मार्ग सुचारू किया गया, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिली।
नाले की मरम्मत का कार्य भी शुरू
शिविर के दौरान जीआईएस टैगोर स्कूल के सामने स्थित क्षतिग्रस्त नाले की शिकायत भी प्राप्त हुई। इस पर नगर पालिका ने प्राथमिकता के आधार पर नाले के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को शुरू करवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुचारू हो जाएगी तथा भविष्य में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने शहरी सेवा शिविर के माध्यम से त्वरित कार्रवाई होने पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिका का आभार जताया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


