धर्म संदेशों से गूंजा सलेमपुर, यशेष जी महाराज ने सदाचार अपनाने का किया आह्वान
कठूमर। उपखंड क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिवस कथावाचक यशेष जी महाराज के सानिध्य में गांव के मुख्य मार्गों से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
कलश यात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। गांव के विभिन्न मार्गों से होकर निकली यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा जयकारों और भजनों से माहौल भक्तिमय हो उठा।
धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की दी प्रेरणा
श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस यशेष जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य को ईर्ष्या, द्वेष और पापकर्मों से दूर रहकर धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली आध्यात्मिक साधना है।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा समाज में प्रेम, भाईचारे और संस्कारों को मजबूत बनाने का कार्य करती है। धर्म, भक्ति और सदाचार ही मानव जीवन की वास्तविक पूंजी हैं, जिनके माध्यम से व्यक्ति जीवन में सुख, शांति और सफलता प्राप्त कर सकता है।
श्रद्धालुओं की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
धार्मिक आयोजन में नवाब सिंह, गोपाल मीणा, मोती सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, रोशन सैनी, रामचंद्र सिंह, देवीराम मीणा, हरिओम मीणा, मूलचंद सैनी, रतिराम मीणा, विजेन्द्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


