विकास के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कौशल प्रशिक्षण, कृषि विश्वविद्यालय और एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर की मांग
भरतपुर। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भरतपुर जिले के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं कृषि संस्थानों की स्थापना की मांग की है। उन्होंने भरतपुर में भारतीय कौशल संस्थान, वैर में एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर तथा कुम्हेर में कृषि विश्वविद्यालय खोले जाने का आग्रह करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं, किसानों और विद्यार्थियों को नए अवसर प्राप्त होंगे।
पत्र में गुप्ता ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भरतपुर जिले के हजारों युवा बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ऐसे में पूर्व में स्वीकृत भारतीय कौशल संस्थान को शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय कौशल संस्थान के संचालन से स्थानीय युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और जिले में कुशल मानव संसाधन तैयार होगा। इससे औद्योगिक निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सीताराम गुप्ता ने अपने पत्र में वैर क्षेत्र में राज्य स्तरीय एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करने की भी मांग की। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर एग्रो प्रोसेसिंग सेंटरों के लिए कई एमओयू किए जा चुके हैं और भरतपुर जिले को भी इस योजना का लाभ मिलना चाहिए। उनके अनुसार ऐसा केंद्र किसानों को कृषि उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
इसके साथ ही उन्होंने कुम्हेर क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना पर जोर देते हुए कहा कि कृषि प्रधान जिले भरतपुर में ऐसा संस्थान कृषि अनुसंधान, नवाचार, आधुनिक तकनीकों के प्रसार और किसानों के प्रशिक्षण को नई दिशा देगा। इससे कृषि उत्पादकता बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी सकारात्मक वृद्धि हो सकती है।
गुप्ता ने अपने पत्र में कहा कि यदि आधारभूत ढांचे के विकास के साथ कौशल विकास, कृषि शिक्षा और कृषि आधारित उद्योगों को समान महत्व दिया जाए तो भरतपुर रोजगार, शिक्षा और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में राजस्थान के अग्रणी जिलों में शामिल हो सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


