महिला टी20 विश्व कप 2026 का ऐतिहासिक और अंतिम खिताबी मुकाबला रविवार को क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा, जहाँ दुनिया की दो सबसे ताकतवर टीमें— इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया विश्व विजेता बनने के लिए आमने-सामने होंगी। डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के सामने सातवीं बार इस चमचमाती ट्रॉफी को चूमने की बड़ी चुनौती है, लेकिन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर चैंपियन बनने के लिए उसे इंग्लैंड के एक अभूतपूर्व इतिहास को बदलना होगा। मेजबान इंग्लैंड की टीम का अपनी घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक का रिकॉर्ड बेहद डरावना और अजेय रहा है; इंग्लिश टीम आज तक अपने घर में एक भी विश्व कप मैच नहीं हारी है।
वर्ष 2009 के उद्घाटन संस्करण से लेकर 2026 के मौजूदा विश्व कप के सेमीफाइनल मैच तक इंग्लैंड ने अपनी सरजमीं पर कुल 11 टी20 विश्व कप मुकाबले खेले हैं और इन सभी में विरोधी टीमों को धूल चटाई है। इस महामुकाबले में जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम आठवीं बार टी20 विश्व कप के फाइनल में कदम रखने जा रही है, वहीं मेजबान इंग्लिश टीम पांचवीं बार फाइनल के मंच पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगी।
दोनों दिग्गज टीमों का अजेय रथ इस फाइनल मुकाबले तक पहुंचा
इस पूरे टूर्नामेंट में दोनों ही टीमों का मैदानी प्रदर्शन बेहद लाजवाब और दबदबे वाला रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बिना कोई भी मैच गंवाए लगातार छह मुकाबलों में एकतरफा जीत हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया है। दूसरी ओर, मेजबान इंग्लैंड की कहानी भी हूबहू ऐसी ही रही है। धाकड़ कप्तान नेट साइवर-ब्रंट की अगुवाई में इंग्लिश टीम भी बिना एक भी मैच हारे अजेय रहते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंची है। हालांकि, रविवार को लॉर्ड्स की हरी घास पर होने वाले इस ऐतिहासिक मैच में किसी एक टीम के विजय रथ का रुकना पूरी तरह तय है।
हेड-टू-हेड (Head-to-Head) आंकड़ों में कांटे की टक्कर
क्रिकेट के इस सबसे छोटे और सबसे रोमांचक प्रारूप में जब भी ये दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने आई हैं, मुकाबला हमेशा बराबरी और सांसें रोक देने वाला रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 45 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 22 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत की बाजी मारी है, जबकि 20 मैचों में फतह इंग्लैंड के हाथ लगी है। इसके अलावा दो मुकाबले बेहद रोमांचक मोड़ पर टाई रहे हैं और एक मैच बेनतीजा समाप्त हुआ है। इन संतुलित आंकड़ों को देखते हुए रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है।
क्या लॉर्ड्स के मैदान पर बारिश बिगाड़ेगी फाइनल का रोमांच?
इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे दुनिया भर के फैंस के लिए मौसम के मोर्चे से बेहद अच्छी खबर आ रही है। महिला टी20 विश्व कप 2026 के इस फाइनल मैच में बारिश की खलल पड़ने की आशंका न के बराबर जताई गई है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी एक्यूवेदर (AccuWeather) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को लंदन के लॉर्ड्स में आसमान पूरी तरह साफ और खुला रहेगा, और बारिश होने की संभावना मात्र 5 प्रतिशत ही है। मैच के दौरान खेल प्रेमियों को शानदार मौसम मिलेगा, जहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है।
विश्व कप के इस सबसे बड़े फाइनल मुकाबले के लिए दोनों देशों की अंतिम टीमें:
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड (Squad): सोफी मोलिनक्स (कप्तान), एश्ले गार्डनर (उपकप्तान), ताहलिया मैकग्राथ (उपकप्तान), निकोला कैरी, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहम।
इंग्लैंड का स्क्वॉड (Squad): नेट शीवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी व्याट-हॉज।


