अटल ज्ञान केंद्र के माध्यम से युवाओं को मिलेगी ई-लाइब्रेरी, डिजिटल संसाधन और सरकारी सेवाओं की सुविधा
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के युवा विकास एवं कल्याण के विजन को साकार करने की दिशा में राजस्थान सरकार ने दिसंबर 2024 में अटल ज्ञान केंद्र योजना की शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को स्व-अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आमजन में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक ई-लाइब्रेरी एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत 3000 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण युवाओं को शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकें।
ई-लाइब्रेरी के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
अटल ज्ञान केंद्रों में विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ई-पुस्तकें, विभिन्न भाषाओं और विषयों की पुस्तकें, पत्र-पत्रिकाएं तथा वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा यहां करियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं के कौशल और रोजगार क्षमता में वृद्धि हो सके।
एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं
योजना के अंतर्गत अटल ज्ञान केंद्रों को ई-मित्र की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े आवेदन भी किए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
अटल ज्ञान केंद्रों पर अटल प्रेरकों की नियुक्ति की जाएगी, जो युवाओं की सामाजिक विकास गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सूचना एवं डिजिटल संसाधनों की सुलभता बढ़ाना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

