More
    Homeराज्यबिहारझारखंड में शुरू हुआ 'कोल्ड वॉर', मैक्लुस्कीगंज माइनस में तो खूंटी 1.4...

    झारखंड में शुरू हुआ ‘कोल्ड वॉर’, मैक्लुस्कीगंज माइनस में तो खूंटी 1.4 पर सिमटा; क्या और गिरेगा पारा?

    रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सर्द हवा और शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड ने इस सीजन का अब तक का सबसे कड़ा रूप दिखा दिया है। रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर मैक्लुस्कीगंज में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी का पारा 1.4 डिग्री तक लुढ़क गया। कई इलाकों में सुबह ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील होती दिखीं, जिससे ठंड पहाड़ी राज्यों जैसी महसूस की जा रही है।

    मौसम विभाग ने 11 जनवरी को रांची, गुमला और खूंटी जिलों के लिए शीतलहर और कड़ाके की ठंड का यलो अलर्ट जारी किया है।

    पहाड़ी इलाकों में जम रही बर्फ

    मैक्लुस्कीगंज, गुमला और खूंटी जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा है। सुबह के समय जमीन, घास और पौधों पर बर्फ की परत देखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में सुबह-सुबह सन्नाटा पसरा रहता है और लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। ठंड के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

    छह जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे

    शनिवार को झारखंड के छह जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

    • डालटनगंज: 3.5°C

    • बोकारो: 4.2°C

    • गुमला: 1.5°C

    • खूंटी: 1.4°C

    • हजारीबाग: 3.7°C

    • पश्चिम सिंहभूम: 1.9°C

    वहीं रांची में 6.4°C, जमशेदपुर में 8.0°C और देवघर में 7.1°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। देवघर में दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई।

    कोहरा और फिर गिरेगा तापमान

    मौसम विभाग के अनुसार 14 जनवरी तक सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन 13 जनवरी से फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं, जिससे ठंड और तेज हो सकती है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here