More
    Homeराज्यबिहारसाइबर ठगी के खेल में तीन भाइयों की तिकड़ी! बिहार पुलिस ने...

    साइबर ठगी के खेल में तीन भाइयों की तिकड़ी! बिहार पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा

    नालंदा। नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र स्थित ताराबिगहा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक अंतरजिला साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक ही परिवार के तीन सगे भाई भी शामिल हैं।

    19 मोबाइल और नकद राशि बरामद

    एसपी के निर्देश पर राजगीर एसडीपीओ संजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कतरीसराय, गिरियक और पावापुरी पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाले 19 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, 5 पासबुक, 2 चेकबुक, एक टैब, एक सिम कार्ड और ₹2.28 लाख नकद बरामद किए हैं।

    कम ब्याज दर पर कर्ज और लॉटरी का झांसा

    एसडीपीओ संजीत गुप्ता ने बताया कि यह गिरोह आम लोगों को कम ब्याज पर आसानी से कर्ज दिलाने और भारी-भरकम लॉटरी जीतने का लालच देकर फंसाता था। आरोपी फोन के जरिए लोगों से संपर्क कर प्रोसेसिंग फीस व अन्य बहानों से पैसे ऐंठते थे और रकम मिलते ही अपना फोन बंद कर लेते थे।

    गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

    पुलिस ने ताराबिगहा निवासी तीन भाइयों—गोलू कुमार, कुंदन कुमार व पंकज कुमार समेत आदित्य कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गिरोह के अंतरजिला नेटवर्क से जुड़े रवि कुमार (बिंद, नालंदा) और मनोज कुमार (बरबीघा, शेखपुरा) को भी दबोचा गया है।

    आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

    मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब जब्त किए गए बैंक खातों, चेकबुक और मोबाइल फोन के डेटा का तकनीकी विश्लेषण कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सहयोगियों और ठगी की कुल रकम का पता लगाया जा सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here