More
    Homeदुनियाबांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू, मोहम्मद यूनुस बोले –...

    बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू, मोहम्मद यूनुस बोले – नए सपनों की शुरुआत का दिन

    299 सीटों पर वोटिंग जारी, 12.77 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला; बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच मुख्य मुकाबला

    ढाका। बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया। मताधिकार का प्रयोग करने के बाद अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन पूरे देश के लिए खुशी और आजादी जैसा है, जो पुराने बुरे दौर के अंत और नए सपनों की शुरुआत का प्रतीक है।

    उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि सभी को मिलकर नया बांग्लादेश बनाना है। मतदान के बाद उन्होंने लोगों को “ईद मुबारक” भी कहा।

    चुनाव आयोग के अनुसार 300 सदस्यीय संसद में से 299 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है। इस बार कुल 51 राजनीतिक दल चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।

    युवाओं की बड़ी भागीदारी

    करीब 12 करोड़ 77 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। ‘फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट’ प्रणाली के तहत हो रहे इस चुनाव में युवाओं की भूमिका अहम मानी जा रही है। लगभग आधे मतदाता 18 से 37 वर्ष आयु वर्ग के हैं, जबकि करीब 45.7 लाख युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यही युवा वर्ग चुनाव परिणामों की दिशा तय कर सकता है।

    बीएनपी बनाम जमात-ए-इस्लामी मुख्य मुकाबला

    राजनीतिक रूप से मुख्य टक्कर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात-ए-इस्लामी के बीच मानी जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी को सत्ता का प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है।

    माना जा रहा है कि यदि बीएनपी को बहुमत मिलता है तो पार्टी प्रमुख तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। ढाका-17 और बोगरा-6 सीटों से चुनाव लड़ रहे रहमान ने मतदान के बाद कहा कि देश के लोग लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे और अब लोगों को अपने अधिकार वापस मिले हैं।

    उन्होंने कहा कि यदि जनता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी तो किसी भी साजिश को नाकाम किया जा सकता है। साथ ही जीत मिलने पर कानून-व्यवस्था में सुधार को अपनी प्राथमिकता बताया।

    सुरक्षा के बीच मतदान

    हालांकि मतदान से एक रात पहले कुछ क्षेत्रों से छिटपुट अप्रिय घटनाओं की खबरें सामने आईं, लेकिन चुनाव आयोग और प्रशासन ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिलाया है। सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यह चुनाव बांग्लादेश की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकता है, जिसमें युवाओं की भागीदारी और संभावित सत्ता परिवर्तन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here