भुवनेश्वर। ओडिशा में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के दौरान 931 बच्चों का जन्म हुआ। प्राकृतिक आपदा के इस चुनौतीपूर्ण समय में जन्मे कई नवजात शिशुओं के माता-पिता ने इस ऐतिहासिक पल को याद रखने के लिए बेटों का नाम 'अर्णब' तथा बेटियों का नाम 'वर्षा' रखा है।
2,245 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पतालों में कराया भर्ती
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि तूफान के आगमन से पूर्व ही प्रशासन ने 2,245 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में भर्ती कराया था। इस दौरान 931 महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया। राहत की बात यह है कि सभी जच्चा और बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं।
माता-पिता ने रखे अनोखे नाम
तूफान के बीच जन्मे बच्चों के नामकरण को लेकर परिजनों में अनोखा उत्साह देखने को मिला। गंजाम जिले के पात्रपुर निवासी सुकांति प्रधान ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम परिजनों ने 'अर्णब' रखा। वहीं चिकराडा की रहने वाली रुक्मणि बेहरा ने बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम 'वर्षा रानी' रखा गया। इसके अलावा कुछ अन्य परिवारों ने नवजात बेटों के नाम 'तूफान' व 'पवन' और बेटियों के नाम 'बतासी' रखे हैं।
गंजाम जिले में प्रशासन का विशेष अभियान
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, अकेले गंजाम जिले में ही 25 अक्टूबर से 493 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों तक पहुंचाया गया था। इनमें से बुधवार दोपहर तक 220 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सफलतापूर्वक कराया जा चुका है। प्रशासन की इस समयबद्ध तैयारी से आपदा के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुचारू बना रहा।


