More
    Homeराजनीतिअमित शाह की हुंकार: पूरा बंगाल ममता को विदाई देने के लिए...

    अमित शाह की हुंकार: पूरा बंगाल ममता को विदाई देने के लिए तैयार

    अमित शाह -हमारी सरकार बनते ही बंगाल से चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा

    कोलकाता। पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोरदार रोड शो कर ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पूरा बंगाल अब बदलाव के लिए तैयार है और आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की विदाई तय है।

    भवानीपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि यह क्षेत्र मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ है और यहीं से परिवर्तन की शुरुआत होगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर भवानीपुर की एक सीट भाजपा को मिलती है, तो पूरे बंगाल में बदलाव अपने आप हो जाएगा।

    शाह ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले उनके समर्थन में रोड शो किया। यह रोड शो हाजरा मोड़ से शुरू होकर करीब दो किलोमीटर दूर सर्वे बिल्डिंग तक गया, जहां सुवेंदु अधिकारी ने नामांकन दाखिल किया।

    इस दौरान शाह ने कहा कि उन्होंने स्वयं सुवेंदु अधिकारी से कहा था कि केवल नंदीग्राम ही नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के गढ़ में जाकर उन्हें चुनौती देनी चाहिए।

    अमित शाह ने 2021 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही ममता बनर्जी की पार्टी सत्ता में आई थी, लेकिन नंदीग्राम में वे सुवेंदु अधिकारी से हार गई थीं। उन्होंने दावा किया कि इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल के साथ-साथ भवानीपुर में भी हारेंगी।

    भाजपा के इस रोड शो में भारी भीड़ देखने को मिली। समर्थक भगवा झंडे के साथ “जय श्री राम” के नारे लगाते नजर आए। इस दौरान भाजपा के अन्य नेताओं में संतोष पाठक, स्वप्न दासगुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।

    शाह ने ममता सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और घुसपैठ जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता तोलाबाजी, बेरोजगारी, हिंसा और महिलाओं की असुरक्षा से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में घुसपैठ बढ़ी है और इससे राज्य की जनसांख्यिकी प्रभावित हो रही है।

    अमित शाह ने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो अंतरराष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह सील किया जाएगा और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बंगाल की जनता परिवर्तन का फैसला ले और राज्य को नई दिशा दे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here