More
    Homeराज्यबिहारहाड़ कंपा देने वाली सर्दी: झारखंड में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी,...

    हाड़ कंपा देने वाली सर्दी: झारखंड में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, इन 11 जिलों में ‘कोल्ड अटैक’ शुरू

    झारखंड शीतलहर की चपेट में है. न्यूनतम पारा गिरने से सर्दी सितम ढा रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में शीतलहर और कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में शीतलहरी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 25 दिसंबर को पश्चिम सिहंभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा में सर्दी का येलो अलर्ट जारी किया है. यहां ठंडी हवा चलेगी और घना कोहरा छाएगा.

    झारखंड के 10 जिलों में न्यूनतम पारा गिरकर 10 डिग्री से नीचे चला गया है. ठंड की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने कम दृश्यता की चेतावनी देते हुए वाहन चालकों से एहतियात बरतने की अपील की है.

    कोल्हान और संताल परगना प्रमंडल में हालत खराब
    झारखंड के संताल और कोल्हान प्रमंडल के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिन कुहासा छाया रहेगा. पलामू, उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर में न्यूनतम तापमान में अधिकतम 3 डिग्री तक की कमी आ सकती है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोहरदगा सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम पारा 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

    कांके में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री तो वहीं न्यूनतम पारा महज 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान 2.6 किमी की रफ्तार से हवा चली.

    न्यूनतम पारा गिरेगा और शीतलहरी से बढ़ेगा सितम
    मौसम वैज्ञानिक रमेश कुमार ने बताया कि न्यूनतम तापमान गिरेगा और शीतलहरी जारी रहेगी. झारखंड में कोहरे और धुंध की वजह से दृश्यता कम है जिसकी वजह से प्लेन और ट्रेन विलंब से चल रही है. बसों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा है.

    झारखंड में इस वर्ष ठंड और शीतलहरी ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मौसम में फिलहाल बदलाव की संभावना नहीं है. साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा जिले में धूप भी नहीं खिलती.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here