More
    Homeराजनीतिआज गुजरात-महाराष्ट्र में PM मोदी का मेगा दौरा, 35 हजार करोड़ की...

    आज गुजरात-महाराष्ट्र में PM मोदी का मेगा दौरा, 35 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं पर लगेगी मुहर

    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात शाम को वे मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026' के सातवें संस्करण का भव्य उद्घाटन करेंगे।

    डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित, ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ

    दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा पहुंचने पर प्रधानमंत्री वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन प्रमुख खंडों का उद्घाटन करेंगे, जो 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुए हैं। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं। इन खंडों के शुरू होने से DFC नेटवर्क पूरी तरह से क्रियाशील हो जाएगा, जिससे जेएनपीटी (JNPT) पोर्ट तक माल ढुलाई सुगम होगी और मुंबई रेलवे नेटवर्क पर दबाव कम होगा। इसके साथ ही पीएम न्यू साणंद, मकरपुरा, उंबरगांव और जेएनपीटी से मालगाड़ियों तथा वडोदरा-टांडा रोड के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।

    रेलवे और हाईवे प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास

    गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की तीन प्रमुख रेल परियोजनाओं (वडोदरा-रतलाम तीसरी व चौथी लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर गेज परिवर्तन और विश्वमित्री-दभोई दोहरीकरण) की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, लगभग 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और एनएच-48 पर वडोदरा-सूरत खंड के तहत छह लेन के फ्लाईओवरों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की भी शुरुआत होगी।

    मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026' का उद्घाटन

    शाम करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित होने वाले 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026' का उद्घाटन करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया भर के केंद्रीय बैंक, नियामक, नीति निर्माता और फिनटेक विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य फोकस भारत की डिजिटल भुगतान क्रांति को आगे बढ़ाने के साथ-साथ एजेंटिक एआई (Agentic AI), प्रोग्रामेबल फाइनेंस और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी उभरती तकनीकों के माध्यम से वित्तीय समावेशन को और मजबूत करने पर रहेगा।

     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here