More
    Homeदेशहिमाचल में मौत बनकर दौड़ी कार, हादसे में चार की गई जान

    हिमाचल में मौत बनकर दौड़ी कार, हादसे में चार की गई जान

    किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में टापरी-जानी संपर्क मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में मां-बेटे और ननद सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार टापरी से जानी गांव की ओर जा रही थी, तभी सुबह करीब 8:30 बजे टावर के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। हादसे की सूचना मिलने पर टापरी पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों और घायल को खाई से बाहर निकाला। घायल चालक को इलाज के लिए जेएसडब्ल्यू (JSW) अस्पताल टापरी में भर्ती कराया गया है।

    मृतकों और घायल की स्थिति

    दुर्घटना में जान गंवाने वालों में जानी निचार निवासी कृष्णा (42), उनका बेटा हिमेश कुमार (19), कृष्णा की ननद सुषमा (47) निवासी ग्रांगे निचार और चालक का छोटा भाई इंद्र लाल (30) शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक विद्या कृष्ण (32) का अस्पताल में उपचार जारी है।

    कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोपहर बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। टापरी श्मशानघाट पर तीन चिताएं एक साथ जलीं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

    मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जताया शोक

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किन्नौर हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल चालक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

    सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

    इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब छह किलोमीटर लंबी खड़ी पहाड़ी पर बनी इस सड़क पर न तो सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर लगाए गए हैं और न ही पैरापिट बनाए गए हैं। यदि सड़क के किनारे क्रैश बैरियर लगे होते तो चार अनमोल जिंदगियां बच सकती थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here