More
    Homeराज्यराजस्थानकर्नल बैंसला का जीवन सदैव देशसेवा में रहा समर्पित: मुख्यमंत्री भजनलाल

    कर्नल बैंसला का जीवन सदैव देशसेवा में रहा समर्पित: मुख्यमंत्री भजनलाल

    जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्व. कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने अपना पूरा जीवन देश एवं समाज की सेवा में समर्पित किया। उनके जीवन से युवाओं को राष्ट्र को प्रथम मानकर देश-सेवा और सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरणा लेनी चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मूंडिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने कहा कि स्व. कर्नल बैंसला के स्मरण में स्थानीय क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए उनके नाम से शैक्षणिक संस्थान खोलने पर राज्य सरकार विचार करेगी। शर्मा गुरुवार को टोड़ाभीम के मूंडिया में स्व. कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम एवं विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार में जन्मे बैंसला ने अपनी लगन एवं मेहनत से एक ऊंचा मुकाम हासिल किया। शिक्षक की नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने करीब तीन दशक तक भारतीय सेना में रहते हुए चीन एवं पाकिस्तान के खिलाफ युद्धों में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जिब्राल्टर की चट्टान’ स्व. श्री बैंसला ने सेना से सेवानिवृत्ति के बाद समाज में असमानता, अशिक्षा और पिछड़ेपन के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह, शादियों में फिजूलखर्ची और दहेज-प्रथा जैसी कुरीतियों को खत्म करने में अहम योगदान दिया।

    ईआरसीपी से दूर होगी पेयजल व सिंचाई की समस्या

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी राजस्थान में किसानों की पेयजल एवं सिंचाई की समस्या को दूर करने के लिए हमारी सरकार ने काफी अरसे से लंबित ईआरसीपी परियोजना को मंजूरी देकर धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया है।इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मूंडिया गांव स्थित ‘प्रेरणास्थल’ पर स्वर्गीय कर्नल बैंसला की प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, पूर्व सांसद रंजीता कोली, विजय बैंसला सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here