More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशलिफ्ट के बहाने वारदात को दिया अंजाम, मारपीट-लूट के मामले में 4...

    लिफ्ट के बहाने वारदात को दिया अंजाम, मारपीट-लूट के मामले में 4 गिरफ्तार

    मुरैना: जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत लालौर फाटक-अंबाह बायपास पर 27 अगस्त को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी रामकरन (49) को चार पहिया वाहन में लिफ्ट देना महंगा पड़ गया था, जब कार सवार अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट करते हुए 10,200 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण पहचान पत्र छीन लिए थे। इसके बाद आरोपी पीड़ित को गल्ला मंडी के पास फेंककर फरार हो गए थे।

    सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से मिला सुराग

    फरियादी रामकरन की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 394 तथा एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 3 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में संलिप्त आरोपी शिवलालपुरा नहर स्थित हनुमान मंदिर के पास मौजूद हैं।

    दबिश देकर चारों आरोपी गिरफ्तार

    सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इशू (पुत्र सीताराम), अमीन खां (पुत्र जब्बार खां), आकाश (पुत्र राजू जाटव) और धर्मवीर (पुत्र रामवरन जाटव) के रूप में हुई है।

    सेंट्रो कार समेत 2.28 लाख रुपये की मशरूका जब्त

    पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि में से 8,200 रुपये नकद, मोबाइल फोन और पीड़ित का पहचान पत्र बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग 2.28 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here