More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़एजेंसी सस्पेंड होते ही संकट: 12 हजार उपभोक्ता दूसरी जगह शिफ्ट, फिर...

    एजेंसी सस्पेंड होते ही संकट: 12 हजार उपभोक्ता दूसरी जगह शिफ्ट, फिर भी नहीं मिल रहे सिलेंडर

    रायपुर | फाफाडीह स्थित रायपुर गैस एजेंसी के निलंबन के बाद उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पहुंचे, लेकिन एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा. एजेंसी के बाहर पहले से ही स्टॉक खत्म होने का बोर्ड लगा था, फिर भी लोग सुबह छह बजे से लाइन में खड़े रहे. जब कर्मचारियों ने गैस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी, तो आक्रोशित उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया और कार्यालय में तोड़फोड़ भी की.

    पुराने उपभोक्ताओं की अनदेखी का आरोप

    उपभोक्ताओं का आरोप है कि पुराने बुकिंग धारकों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि नए ग्राहकों से 500 से 600 रुपये अतिरिक्त लेकर सिलिंडर दिया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, करीब 12 हजार उपभोक्ताओं में से 11 हजार को राजेंद्र एचपी और 1 हजार को शांति एचपी एजेंसी में मर्ज किया गया है, लेकिन इसके बावजूद वितरण व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई है.

    एजेंसी और गोदाम के बीच भटक रहे लोग

    लोगों का कहना है कि उन्हें एजेंसी और गोदाम के बीच बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं. कहीं स्टॉक खत्म होने की बात कही जा रही है तो कहीं वितरण में देरी का बहाना बनाया जा रहा है. इससे उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

    बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलिंडर

    हेतराम जांगड़े ने बताया कि उन्होंने 14 मार्च को गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला है. कई बार एजेंसी जाने के बावजूद केवल इंतजार करने को कहा जा रहा है. अरविंद यादव ने बताया कि उनके मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिली और स्टॉक खत्म होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया.

    घंटों लाइन में लगने के बाद भी निराशा

    बिमला पवार ने कहा कि वह सुबह से लाइन में लगी रहीं, लेकिन पूरे दिन के इंतजार के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला. एजेंसी और गोदाम के बीच भटकते-भटकते दिन निकल गया, फिर भी समाधान नहीं हुआ. एस. विंदेश्वरी ने भी बताया कि वह पिछले 20 दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार अलग-अलग कारण बताकर उन्हें लौटा दिया जाता है.

    प्रशासन ने सुधार का दिया आश्वासन

    इस बीच प्रशासन का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है, उनके लिए रायपुर गैस एजेंसी परिसर के पास ही दोनों एजेंसियों द्वारा वितरण केंद्र शुरू किया गया है. अधिकारियों का दावा है कि यहां से गैस वितरण शुरू हो चुका है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here