More
    Homeराज्ययूपीबघाड़ू-पनौरा में मतदाता वृद्धि के आंकड़ों ने खींचा ध्यान, प्रशासन कर रहा...

    बघाड़ू-पनौरा में मतदाता वृद्धि के आंकड़ों ने खींचा ध्यान, प्रशासन कर रहा कारणों की जांच

    सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले अंतर्गत दुद्धी तहसील क्षेत्र के बघाड़ू गांव की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) में विगत 23 वर्षों के अंतराल में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उपरांत जारी वर्ष 2026 की नवीन मतदाता सूची के आंकड़ों ने स्थानीय प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

    वर्ष 2003 में बघाड़ू गांव में कुल 3,292 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 430 मुस्लिम तथा 2,894 हिंदू (बहुसंख्यक जनजातीय) मतदाता शामिल थे। वर्ष 2026 की अद्यतन सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 4,523 हो गई है। आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि इस अवधि में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 110 प्रतिशत (430 से बढ़कर 902) की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि हिंदू मतदाताओं में यह वृद्धि मात्र 29 प्रतिशत रही है।

    पनौरा गांव में भी जनसांख्यिकी आंकड़ों में परिवर्तन

    कुछ ऐसी ही स्थिति रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत मांची थाना क्षेत्र के पनौरा गांव में भी दृष्टिगोचर हो रही है। जनजातीय बाहुल्य इस गांव में 23 वर्षों के दौरान मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 32.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि हिंदू मतदाताओं की वृद्धि दर मात्र 8.04 प्रतिशत रही है।

    भूमि क्रय एवं पट्टा आबंटन को लेकर उठी थीं शिकायतें

    उल्लेखनीय है कि बघाड़ू एवं पनौरा गांव पूर्व में भी प्रशासनिक जांच के केंद्र में रहे हैं। बघाड़ू में जनजातीय वर्ग की महिलाओं से विवाह रचाहर उनकी भूमि सस्ते दरों पर क्रय करने तथा बाहरी परिवारों को बसाने संबंधी शिकायतें सामने आई थीं। वहीं, पनौरा में कथित पट्टे व सर्वे की आड़ में अन्य क्षेत्रों के व्यक्तियों को लाकर बसाए जाने के आरोप लगे थे। एसआईआर प्रक्रिया के पश्चात जारी मतदाता आंकड़ों ने इन दावों को पुनः चर्चा में ला दिया है।

    23 वर्षों के मतदाता आंकड़ों का विस्तृत तुलनात्मक विवरण

    • बघाड़ू गांव: वर्ष 2003 में कुल 3,292 मतदाताओं में 430 मुस्लिम व 2,894 हिंदू मतदाता थे। 2026 में कुल संख्या 1,231 बढ़कर 4,523 पहुंची। इसमें मुस्लिम मतदाताओं में 472 की वृद्धि (110%) हुई, जबकि हिंदू मतदाताओं में 757 की वृद्धि (29%) दर्ज की गई। वर्ष 2003 में जहाँ हिंदू व मुस्लिम मतदाताओं का अनुपात 6:1 से अधिक था, वह 2026 में घटकर 4:1 पर आ गया है।

    • पनौरा गांव: वर्ष 2003 में 739 कुल मतदाता दर्ज थे, जिनमें 359 मुस्लिम एवं 380 हिंदू थे। 23 वर्षों में कुल 160 नए मतदाता जुड़े, जिनमें से 137 मुस्लिम वर्ग से हैं, जबकि हिंदू मतदाताओं की संख्या में मात्र 23 की वृद्धि हुई है।

    जनप्रतिनिधियों का रुख एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग

    भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने जनसांख्यिकी में आए इस बदलाव पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे योजनाबद्ध धर्मांतरण व भूमि कब्जाने की रणनीति का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि इस विषय को निरंतर शासन एवं प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा है। उन्होंने बघाड़ू तथा पनौरा ग्राम पंचायतों के मतदाता अनुपात में आए इस परिवर्तन की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

    प्रशासन का पक्ष: दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

    मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि बघाड़ू में अनियमित तरीके से भूमि हस्तांतरण से जुड़े सामने आए मामलों पर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही विधिक कार्रवाई की जा चुकी है। पनौरा के संदर्भ में भी आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोनों ग्राम पंचायतों की जनसांख्यिकी स्थिति में आए बदलाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here