More
    Homeदेशदिल्ली जल संकट: जल मंत्री आतिशी ने शुरू की भूख हड़ताल

    दिल्ली जल संकट: जल मंत्री आतिशी ने शुरू की भूख हड़ताल

    नई दिल्ली. दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के भोगल इलाके में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आतिशी हरियाणा से प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन पानी छोड़े जाने की अपनी मांग कर रही है। उनके साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता मौजूद हैं। आतिशी ने कहा, ”दिल्ली सरकार में जल मंत्री होने के नाते मैंने राष्ट्रीय राजधानी को पानी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है, लेकिन अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने के अलावा मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा।” उन्होंने कहा, ”यह भूख हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक हरियाणा सरकार दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे देती।’

    सुनीता केजरीवाल ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा

    सुनीता केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भीषण गर्मी के बीच जल संकट से जूझ रहे लोगों की दुर्दशा को टेलीविजन पर देखकर उन्हें बहुत दुख होता है। उन्होंने जेल से भेजे गए अपने संदेश में कहा, ‘प्यासे को पानी पिलाना हमारी संस्कृति है।
    दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से पानी मिलता है। हमें ऐसी भीषण गर्मी में पड़ोसी राज्यों से मदद की उम्मीद थी। लेकिन, हरियाणा ने दिल्ली के पानी का हिस्सा ही कम कर दिया।” मुख्यमंत्री केजरीवाल ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘दोनों राज्यों में अलग-अलग दलों की सरकारें हैं, लेकिन क्या यह पानी पर राजनीति करने का समय है?’

    महात्मा गांधी की समाधि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

    भूख हड़ताल से पूर्व, आतिशी ने सुनीता केजरीवाल, ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और अन्य नेताओं के साथ भोगल जाने से पहले राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
    आतिशी ने सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हर संभव प्रयास करने के बाद भी हरियाणा सरकार दिल्ली को पूरा पानी नहीं दे रही है, इसलिए वह दक्षिणी दिल्ली के भोगल इलाके में दोपहर 12 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगी।

    हरियाणा से हक का पानी नहीं मिलने तक अनशन जारी रहेगा

    आम आदमी पार्टी (आप) की नेता ने ‘एक्स’ पर कहा था, ”आज से ‘पानी सत्याग्रह’ शुरू करूंगी… मैं आज 12 बजे से भोगल, जंगपुरा में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करूंगी। जब तक दिल्ली वालों को हरियाणा से अपने हक का पानी नहीं मिलेगा तब तक अनशन पर रहूंगी।’ आतिशी ने इससे पहले दावा किया था कि हरियाणा पिछले दो सप्ताह से दिल्ली को उसके हिस्से के 613 एमजीडी पानी के मुकाबले प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन कम पानी छोड़ रहा है, जिसके परिणामस्वरूप दिल्ली में 28 लाख लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं। दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने के कारण पानी की मांग बढ़ गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here