रायपुर: महासमुंद में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया. वे शहर के लोहिया चौक में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने महासमुंद के नए बस स्टैंड को एक सुविधायुक्त और आधुनिक बस स्टैंड के रूप में विकसित करने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की. साथ ही, नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण हेतु 3 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की भी घोषणा की.
सरकार कर रही है शहरों का समग्र विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों के संतुलित और समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने शहरों की दशा और दिशा बदलने का कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं. युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर एक गारंटी को तेजी से पूरा किया जा रहा है.
महासमुंद को नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले ढाई वर्षों में पूरे प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जबकि अकेले महासमुंद जिले में 468 विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है. उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें और यह संकल्प लें कि शहर का मान-सम्मान ही हर नागरिक का गौरव है.
विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रखी मांगें
स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महासमुंद लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने महासमुंद के गौरव पथ, तुमगांव रोड, नहर लिंकिंग रोड और सिरपुर बैराज जैसे स्वीकृत कार्यों का जिक्र करते हुए शहर के विकास के लिए एक नए रिंग रोड, नए बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की आवश्यकता पर जोर दिया. नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने बढ़ती जनसंख्या का हवाला देते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम में क्रमोन्नत करने की मांग रखी.
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट गाइड जिलाध्यक्ष येतराम साहू, मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.


