More
    Homeराज्यबिहारडॉक्टर पर बेल्ट से हमला, सिर में आई गंभीर चोट; विरोध में...

    डॉक्टर पर बेल्ट से हमला, सिर में आई गंभीर चोट; विरोध में आधे घंटे बंद रही इमरजेंसी

    दरभंगा। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के मेडिसिन विभाग में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज के रिश्तेदार ने ऑन-ड्यूटी पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि तीमारदार ने कमर से बेल्ट निकालकर डॉ. आशुतोष कुमार के सिर पर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गए। वारदात के बाद गुस्से में आए चिकित्सकों ने तत्काल आपातकालीन सेवाएं बंद कर दीं।

    सूचना मिलते ही अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, प्राचार्य डॉ. यूसी झा और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस के समझाने-बुझाउने के बाद लगभग आधे घंटे से ठप पड़ी इमरजेंसी सेवाओं को फिर से चालू कराया जा सका।

    इलाज में कोताही को लेकर कहासुनी

    जानकारी के अनुसार, बहेड़ी क्षेत्र के जोरजा निवासी मरीज पलटू लाल देव को उपचार के लिए मेडिसिन विभाग में दाखिल कराया गया था। वहां मौजूद तीमारदार इलाज में ढिलाई का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों से उलझ गए। इसी बीच जब डॉ. आशुतोष दूसरी यूनिट की तरफ जाने लगे, तभी पीछे से हमलावर ने बेल्ट से उनके सिर पर वार कर दिया और मौके से रफूचक्कर हो गया।

    डॉक्टरों का फूटा गुस्सा, ठप की सेवाएं

    हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में जूनियर और पीजी डॉक्टर इमरजेंसी वार्ड में जमा हो गए। चिकित्सकों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा और दोषी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए काम रोक दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के कड़े आश्वासन के बाद ही करीब 30 मिनट बाद कामकाज सामान्य हो सका।

    हमलावर की पहचान, गिरफ्तारी के लिए दबिश

    सदर डीएसपी शुभेन्द्र कुमार सुमन ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित डॉक्टर का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here