गुरुग्राम। हरियाणा मेट्रो रेल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTCI) गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से सेक्टर-पांच तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना को रद्द करने पर विचार कर रहा है। करीब 13.6 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की जिम्मेदारी पिछले साल राइट्स (RITES) को सौंपी गई थी। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली आगामी बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
नमो भारत ट्रेन के ट्रैक से ओवरलैप होना मुख्य कारण
इस परियोजना पर पुनर्विचार का मुख्य कारण गुरुग्राम के इफको चौक से लेकर ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित 'नमो भारत' ट्रेन का ट्रैक है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार मेरठ की तर्ज पर नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर ही मेट्रो का संचालन किए जाने की योजना है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से इफको चौक तक का लगभग 7.1 किलोमीटर का यह कॉरीडोर प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के मार्ग के बीच में आ रहा है।
6.4 किलोमीटर का मार्ग शेष बचने पर असमंजस
यदि नमो भारत ट्रेन के रूट वाले हिस्से को इस मेट्रो परियोजना से हटा दिया जाए, तो केवल 6.4 किलोमीटर का हिस्सा ही शेष बचेगा, जो इफको चौक से शीतला माता रोड होते हुए सेक्टर-पांच तक जाएगा। इतने छोटे मार्ग के निर्माण को लेकर व्यवहार्यता पर सवाल उठ रहे हैं, जिसके चलते इस पूरी मेट्रो परियोजना को ही रद्द करने का विचार किया जा रहा है। पूर्व योजना के तहत यह मेट्रो हांगकांग बाजार (सेक्टर-57) से शुरू होकर आरडी सिटी, मिलेनियम सिटी सेंटर, इफको चौक और अतुल कटारिया चौक से होते हुए सेक्टर-5 तक जानी थी, जहां इसे ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के साथ इंटरचेंज करना था।


