जयपुर। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सक्रिय गुर्गे हरि उर्फ हैरी बॉक्सर के अमेरिका में पकड़े जाने के बाद अब सुरक्षा व जांच एजेंसियों का ध्यान उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर केंद्रित हो गया है। अमेरिकी एजेंसी 'आईसीई' द्वारा उसे हिरासत में लिए जाने के बाद राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की पहल पर उसे भारत वापस लाने की कवायद शुरू कर दी गई है। अमेरिका की अदालती औपचारिकताएं पूर्ण होते ही उसे प्रत्यर्पित (डिपोर्ट) किया जाएगा, जिसके बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही एजीटीएफ उसे अपनी हिरासत में ले लेगी। एजीटीएफ के सूत्रों का मानना है कि कानूनी और न्यायिक प्रक्रियाओं के चलते उसे भारत लाने में करीब डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है।
जांच एजेंसियों का आकलन है कि हैरी बॉक्सर से होने वाली पूछताछ में लॉरेंस गिरोह के विदेशी संपर्कों, अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री, तस्करी के मार्गों और विदेश से चलाई जा रही आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज खुल सकते हैं। एजेंसियों का मुख्य जोर इस बात का पता लगाने पर होगा कि गिरोह को विदेशी हथियार और अन्य संसाधन किस जरिए से मुहैया कराए जाते थे और इस तंत्र में कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं। अमेरिका के साथ भारत की प्रत्यर्पण संधि के तहत यह कानूनी प्रक्रिया पूरी की जानी है।
विदेशी गुर्गों और स्थानीय नेटवर्क के बीच की कड़ियां खुलने की उम्मीद
विदेश में छिपे रहने के दौरान हैरी बॉक्सर किस तरह गिरोह के संपर्क में बना रहा और विभिन्न अपराधों में उसकी क्या भूमिका रही, इसकी भी गहन पड़ताल की जा रही है। भारत लाए जाने के पश्चात कई केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियां उससे अलग-अलग पूछताछ कर सकती हैं। उसके खुलासों से विदेश में बैठे गिरोह के संचालकों और देश में सक्रिय स्थानीय गुर्गों के बीच के गठजोड़ का पर्दाफाश होने की पूरी संभावना है।
जयपुर में बॉक्सिंग कोच के रूप में कर चुका है काम
हैरी बॉक्सर का राजस्थान की राजधानी जयपुर से पुराना जुड़ाव रहा है। वह यहां रहकर न केवल मुक्केबाजी का प्रशिक्षण लेता था, बल्कि एक बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम कर चुका है, जिसके चलते अपराध की दुनिया में उसे 'बॉक्सर' उपनाम मिला। इसी दौरान उसकी जान-पहचान आपराधिक तत्वों से हुई और देखते ही देखते वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हिस्सा बन गया। इसके बाद वर्ष 2022 में वह चकमा देकर भारत से विदेश भाग निकला था।
कारोबारी को दी थी सात पुश्तें याद रखने की धमकी
जयपुर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में भी उसके विरुद्ध एक व्यापारी को जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज है। उसने फोन कॉल के जरिए कारोबारी को धमकाते हुए कहा था कि वह इतनी गोलियां मारेगा कि सात पुश्तें याद रखेंगी। बॉक्सर मुख्य रूप से लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह के जबरन वसूली नेटवर्क को संभालता था, जिस पर जयपुर पुलिस और एजीटीएफ लंबे समय से नजर रखे हुए थीं।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले का रहने वाला है आरोपी
मूल रूप से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव के निवासी हरिचंद जाट के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध और मारपीट समेत 22 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। उसे विदेश में दबोचने के इस अभियान में डीआईजी योगेश यादव की निगरानी में एएसपी सिद्धांत शर्मा की ऑपरेशनल टीम तथा एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व वाली इंटरपोल टीम ने निर्णायक भूमिका निभाई है।


