More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रपुणे में बढ़ता अपराध का ग्राफ; कोथरूड में 27 वर्षीय शातिर अपराधी...

    पुणे में बढ़ता अपराध का ग्राफ; कोथरूड में 27 वर्षीय शातिर अपराधी की बेरहमी से हत्या

    पुणे। शिक्षा नगरी कहे जाने वाले पुणे शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हत्या, गोलीबारी और गैंगवार जैसी घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। दो दिन पहले कोथरूड इलाके के सुतारदरा में पुरानी रंजिश के चलते 27 वर्षीय युवक की तलवार, कोयते और लोहे के हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिवाली की पूर्व संध्या पर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश उर्फ लाल्या येवले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज एक शातिर अपराधी था। शनिवार, 8 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सुतारदरा इलाके में यह वारदात हुई। पुरानी रंजिश के चलते तीन से चार हमलावरों के एक गिरोह ने उस पर धारदार हथियारों और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, प्रकाश येवले रात के समय मोटरसाइकिल से सुतारदरा इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने तलवार, कोयते और अन्य धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। साथ ही लकड़ी के डंडों से भी उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में प्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही कोथरूड पुलिस की नजर घायल युवक पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरी वारदात का खौफनाक मंजर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। हमलावरों द्वारा युवक को घेरकर उस पर हमला करने का फुटेज सामने आने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। गौरतलब है कि पुणे के कोथरूड में युवक की हत्या की घटना के बीच मुंबई के कुर्ला इलाके में भी गोलीबारी की वारदात सामने आई है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने राज्य के प्रमुख शहरों में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कभी शिक्षा, संस्कृति और शांतिपूर्ण माहौल के लिए पहचाने जाने वाले पुणे शहर में हत्या और सरेआम हमलों की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने अपराधियों पर लगाम लगाने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here