अगर केजरीवाल नहीं गए राज्यसभा तो कौन? ये दो नाम सबसे आगे रेस में

Arvind Kejriwal: पंजाब में लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) की जीत ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इस जीत के साथ ही राज्यसभा की एक सीट खाली होने वाली है, क्योंकि AAP के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने विधानसभा चुनाव जीत लिया है और अब वह अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देंगे। इस सीट को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। नतीजे आने से पहले कयास लगाए जा रहे थे यदि संजीव अरोड़ा चुनाव जीतते है तो अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि अब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि वह खुद राज्यसभा नहीं जाएंगे। उनके इस बयान ने सस्पेंस को और बढ़ा दिया है। अब सवाल यह है कि AAP इस महत्वपूर्ण सीट पर किसे भेजेगी? 
 

ये दो नाम है सबसे बड़े दावेदार

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद द्वारा राज्यसभा जाने से इनकार करने पर दो नाम सबसे बड़े दावेदार है। इसमें पहला नाम मनीष सिसोदिया का है और दूसरा सत्येंद्र जैन का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन दोनों नामों पर चर्चा चल रही है। 

मनीष सिसोदिया सबसे बड़े दावेदार

राज्यसभा जाने की सूची में मनीष सिसोदिया सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। इस समय सिसोदिया पंजाब में AAP के प्रभारी भी हैं और पार्टी का इतिहास रहा है कि प्रभारी को राज्यसभा भेजा जाता है, जैसा कि राघव चड्ढा के मामले में देखा गया। हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद सिसोदिया की सियासी जमीन को मजबूत करने के लिए यह एक सुनहरा अवसर हो सकता है।

सत्येंद्र जैन भी पीछे नहीं 

वहीं, सत्येंद्र जैन भी इस रेस में पीछे नहीं हैं। 2015 से 2023 तक दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे जैन, केजरीवाल के विश्वस्त सहयोगियों में से एक हैं। उनके नेतृत्व में दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा बटोरी। हालांकि, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी गिरफ्तारी और दिल्ली विधानसभा चुनाव में शकूर बस्ती सीट पर हार ने उनकी सियासी राह को चुनौतीपूर्ण बनाया है। फिर भी, उनकी मुखर छवि और अनुभव उन्हें राज्यसभा के लिए एक मजबूत उम्मीदवार बनाते हैं। जैन की संगठनात्मक क्षमता और दिल्ली मॉडल को लागू करने में उनकी भूमिका AAP के लिए महत्वपूर्ण रही है।

अरविंद केजरीवाल क्यों नहीं जा रहे राज्यसभा

अरविंद केजरीवाल ने उपचुनाव के नतीजे आने के बाद स्पष्ट कर दिया है कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन राज्यसभा जाएगा। बता दें कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे। इसलिए माना जा रहा है कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल अपना पूरा ध्यान आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत पर फोकस करना चाहते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि उन्होंने राज्यसभा जाने से इनकार किया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here