More
    Homeदेशइजराइल से जंग के बीच ईरान ने भारत के लिए खोला एयरस्पेस,...

    इजराइल से जंग के बीच ईरान ने भारत के लिए खोला एयरस्पेस, सैकड़ों छात्र आज लौटेंगे वतन

    ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष निकासी अभियान ऑपरेशन सिंधु (Operation Sindhu) की शुरुआत की है. यह अभियान विशेष रूप से उन भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और त्वरित वापसी सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया है जो इस समय ईरान में फंसे हुए हैं. दोनों देशों के बीच बीच जंग शुरू हो जाने की वजह से भारत के सैकड़ों छात्र ईरान में फंसे हुए हैं. छात्र के परिवार वालों ने सरकार से वापसी की गुहार लगाई थी, जिसके बाद उन्हें वापस लाने के लिए यह ऑपरेशन शुरू किया गया.

    सूत्रों के अनुसार, आज रात दो निकासी उड़ानें भारत पहुंचेंगी.पहली उड़ान मशहद (ईरान) से रवाना हुई है और इसके रात 11:30 बजे के आसपास दिल्ली में उतरने की उम्मीद है. दूसरी उड़ान अश्गाबात (तुर्कमेनिस्तान) से आ रही है, जो सुबह 3 बजे के करीब दिल्ली पहुंचेगी. विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और संबंधित एजेंसियों के संयुक्त समन्वय से यह अभियान चलाया जा रहा है. भारत सरकार का लक्ष्य है कि ईरान सहित पश्चिम एशिया के संकटग्रस्त क्षेत्रों में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए.

    1000 छात्रों को भारत लाया जा रहा

    इस ऑपरेशन के तहत लगभग 1000 भारतीय नागरिकों, जिनमें अधिकांश छात्र हैं, को ईरान के मशहद शहर से स्वदेश लाया जा रहा है. ईरान सरकार ने इस मानवीय प्रयास में सहयोग देते हुए तीन चार्टर्ड उड़ानों के लिए अपने एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों को अस्थायी रूप से हटा दिया है. ये उड़ानें ईरानी एयरलाइन ‘महान एयर’ द्वारा संचालित की जा रही हैं और भारत सरकार कोआर्डिनेट कर रही है.

    110 छात्रों को आर्मेनिया के जरिए वापस लाया

    इससे पहले 110 भारतीय छात्रों को ईरान से आर्मेनिया के जरिए जमीनी रास्ते से सुरक्षित निकालकर भारत लाया गया था. ईरानी दूतावास के उप प्रमुख मोहम्मद जवाद हुसैनी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा है कि हम भारतीयों को अपने जैसे मानते हैं. ईरानी एयरस्पेस भले ही बंद हो, लेकिन भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए हमने इसे खोलने की व्यवस्था की है. उन्होंने बताया कि अगर आवश्यकता पड़ी, तो आने वाले दिनों में अधिक उड़ानों की व्यवस्था भी की जा सकती है.

    ईरान में 10,000 भारतीय नागरिक

    हुसैनी ने बताया कि करीब 10,000 भारतीय नागरिक ईरान में रह रहे हैं, और जो भी भारत लौटना चाहते हैं, उनकी वापसी की समुचित व्यवस्था की जा रही है. हालांकि, अधिकांश भारतीय सुरक्षित हैं, लेकिन हाल ही में तेहरान में एक छात्रावास पर हुए इजराइली हवाई हमले में कुछ भारतीय छात्रों को मामूली चोटें आई हैं. भारत का विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास मिलकर इस संकट में लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, ताकि सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित की जा सके.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here