आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिला अंतर्गत कागारौल थाना क्षेत्र के गांव नगला परिमाल में बेखौफ चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दोनों घरों से लगभग ₹1 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा भारी मात्रा में नकदी समेटकर फरार हो गए। एक ही रात में हुई इस बड़ी वारदात से ग्रामीण अंचल में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही कागारौल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच प्रारंभ कर दी है।
पहली वारदात: रोडवेज कर्मी के घर से लाखों के गहने व नकदी पार
ग्राम पंचायत अकोला के मजरा नगला परिमाल निवासी मुकेश कुमार रोडवेज विभाग में लिपिक (बाबू) के पद पर कार्यरत हैं। वे शाम के समय अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। घर में उनकी पत्नी पूनम, बेटी अर्पिता, बेटा आकाश और बंटी ऊपरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे। रात्रि लगभग 1:30 बजे जब उनकी पत्नी सोकर उठीं, तो निचले तल के दरवाजों के कुंदे और ताले टूटे देखकर दंग रह गईं। अलमारियों एवं बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे स्पष्ट हुआ कि घर में बड़ी चोरी हो चुकी है। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
दूसरी वारदात: 200 मीटर दूरी पर स्थित दूसरे मकान को बनाया निशाना
मुकेश कुमार के घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित अशोक चाहर के निवास को भी चोरों ने उसी रात निशाना बनाया। गृहस्वामी अशोक चाहर ने बताया कि वे अपनी पत्नी प्रवीना और पुत्र सुभांशु के साथ कमरे में सो रहे थे। रात्रि लगभग 2:00 बजे पड़ोसी के घर चोरी होने की सूचना मिलने पर जब वे अपने कमरे से बाहर निकले, तो देखा कि उनके घर के भी मुख्य दरवाजे और अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे।
पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
एक ही गांव में दो स्थानों पर हुई इस बड़ी नकबजनी की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने दोनों परिसरों को सील कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। संदिग्धों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है और शीघ्र ही घटना का अनावरण किया जाएगा।


