नागपुर। नागपुर महानगरपालिका की परिवहन समिति द्वारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और कार्यक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में शहर के बस डिपो में बुनियादी सुविधाओं के कायाकल्प के लिए 13.84 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत करने के साथ ही बीओटी मॉडल पर 5 नए सीएनजी पंप स्थापित करने का निर्णय लिया गया। सभापति मंगला खेकरे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बंडू राऊत, विजय होले, अतिरिक्त आयुक्त व परिवहन प्रबंधक मिलिंद मेश्राम तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
5 प्रमुख डिपो का कायाकल्प और मोरभवन का कंक्रीटीकरण
परिवहन समिति की सभापति ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डिपो में बुनियादी ढांचे का विस्तार अत्यंत आवश्यक था। योजना के तहत नए हिंगना, खापरी, पुराने हिंगना, कोराडी और मोरभवन बस डिपो में 13.84 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। शहर के मध्य स्थित मोरभवन बस डिपो में यात्रियों को धूल की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए भूमि समतलीकरण तथा कंक्रीटीकरण किया जाएगा।
आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध होंगे 5 नए सीएनजी पंप
मनपा परिवहन विभाग के स्वामित्व वाले वाठोडा, खापरी, वाडी, हिंगना और कारखाना विभाग स्थित भूखंडों पर बीओटी (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) तर्ज पर 5 नए सीएनजी पंप स्थापित किए जाएंगे। इन पंपों का उपयोग केवल सिटी बसों तक सीमित न रहकर आम सीएनजी वाहन चालकों के लिए भी खुला रहेगा। इस परियोजना के निष्पादन हेतु शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।
बसों का बेड़ा बढ़कर हुआ 825, दो नए डिपो के निर्माण को मंजूरी
शहर में अपनी सेवाएं दे रही बसों की कुल संख्या 430 से बढ़कर 825 तक पहुंच गई है। बढ़ती बसों के सुचारु रख-रखाव और संचालन के लिए वाठोडा-2 और खापरी-2 नामक 2 नए डिपो के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे शहर में कुल बस डिपो की संख्या बढ़कर 8 हो जाएगी। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष के लिए संचालन निधि का प्रस्ताव पारित किया गया है तथा नागपुर सेफ एंड स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्थापित 65 किऑस्क को परिवहन विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है।
संशोधित बस किराया और 10 बसों की बुकिंग पर छूट
'आपली बस' सेवा के अंतर्गत विशेष अनुबंधों के लिए नई दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत 25 सीटर मिनी डीजल बस, मिडी ई-बस और स्टैंडर्ड एका ई-बस को पूरे दिन के लिए किराये पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। व्यावसायिक दरों में प्रोत्साहन देते हुए निर्णय लिया गया है कि एक साथ 10 बसों की बुकिंग कराने वाले समूहों को तय दरों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।


