More

    निक्की की संदिग्ध मौत: पति-जेठ के विवाद में चली गोली, बाद में परिजन गुमराह करने के लिए गढ़ते रहे झूठी कहानी

    कन्नौज: नोएडा में निक्की हत्याकांड का मामला अभी गरमाया हुआ है। इस बीच यूपी के ही कन्नौज से एक और शादीशुदा महिला की हत्या का मामला सामने आया है। अब इसे संयोग कहिए या नियति का खेल कि इस केस में मृतका का नाम निक्की ही है। इस केस में पहले तो ससुराल के लोग घर की बहू की मौत मामले में गुमराह करते रहे। लेकिन फिर सख्ती से पूछताछ में हत्या का मामला उजागर हो गया।

    कन्नौज के छिबरामऊ के रनवीरपुर गांव में एक दुखद घटना घटी। एक नवविवाहित महिला निक्की, की उसके ससुराल वालों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जेठ और पति के बीच झगड़े के दौरान हुई। ससुराल वालों ने हत्या को छिपाने के लिए चोरी का झूठा नाटक रचा। पुलिस ने मामले की जांच की और सच्चाई सामने लाई। पुलिस ने निक्की के पति, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 2 दिसंबर 2024 को मैनपुरी की निक्की शाक्य की शादी कृष्णकांत से हुई थी। बुधवार की रात उनके ससुराल वालों ने उन्हें गोली मार दी। हत्या को छिपाने के लिए उन्होंने घर में चोरी होने का नाटक किया। पुलिस को यूपी 112 पर सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने मृतका के पति, जेठ और ननद को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने सच बता दिया।

    कन्नौज पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे डायल 112 पर सूचना मिली। सूचना छिबरामऊ थाना क्षेत्र के रनवीरपुर गांव से थी। बताया गया कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मार दी है। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। 23 साल की निक्की शाक्य का शव कमरे के दरवाजे पर पड़ा था। कमरा खुला था और कपड़े बिखरे हुए थे। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। कन्नौज के अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्हें मामला संदिग्ध लगा। पूछताछ में पता चला कि निक्की के पति कृष्णकांत और जेठ प्रवीण के बीच झगड़ा हुआ था। प्रवीण शराब के नशे में था और कृष्णकांत को गाली दे रहा था। निक्की ने इसका विरोध किया। गुस्से में प्रवीण ने अपनी अवैध पिस्तौल से निक्की को गोली मार दी। गोली निक्की के कनपटी पर लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    घटना के बाद निक्की के मायके वाले सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निक्की के ससुराल वालों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पति कृष्णकांत, जेठ प्रवीण और ननद रानी ने मिलकर चोरी की झूठी कहानी बनाई। उन्होंने कहा कि बदमाशों ने घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश की और विरोध करने पर निक्की को गोली मार दी। कृष्णकांत के घर में उसकी मां माया देवी, पत्नी निक्की, बहन रानी देवी, बड़ा भाई प्रवीण और उसकी पत्नी शिवानी साथ रहते थे। प्रवीण के दो बच्चे भी हैं, एक 8 साल की बेटी और एक 6 साल का बेटा। माया देवी कुछ दिनों से बीमार थीं और छिबरामऊ के एक अस्पताल में भर्ती थीं। घटना वाले दिन प्रवीण की पत्नी शिवानी अपनी सास माया देवी के साथ अस्पताल में थी।

    एसपी विनोद कुमार ने बताया कि छिबरामऊ थाना क्षेत्र के रनवीरपुर गांव में 27 अगस्त को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा, "शुरू में इसे चोरी की वारदात समझा गया था, क्योंकि घर में अलमारी खुली हुई थी और कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। " पुलिस ने बताया कि घर में रखी नकदी और गहने सुरक्षित थे। इससे चोरी का मामला और भी संदिग्ध हो गया।

    Latest news

    Related news

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here