लखनऊ। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी से कुचलकर 13 साल के लड़के की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस हादसे को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। योगी कैबिनेट के मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव को टैग करते हुए कड़े शब्दों में लिखा कि क्या गोरखपुर में बेइज्जती करा आए और सड़कों पर अराजकता फैला ली, जिसके बीच उनके समर्थकों की हुड़दंग में एक बेकसूर बच्चे की जान चली गई। राजभर ने इल्जाम लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं की उछल-कूद के चलते आर्यवर्धन नाम के 13 वर्षीय बालक की मौत हुई, जिसे रोड शो में मौजूद जेसीबी ने कुचल दिया।
संवेदना न जताने और राजनीति पर तंज
राजभर ने इस बात पर भी सवाल खड़े किए कि हादसे के बाद अखिलेश यादव ने कोई शोक या संवेदना जाहिर नहीं की, जिसे उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना राजनीति करार दिया। सपा प्रमुख पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि बुलडोजर हर किसी को संभाल नहीं पाता और सपा अव्यवस्था, अराजकता व हुड़दंग के सिवा कुछ नहीं कर सकती। राजभर ने अखिलेश को इस बात पर भी घेरा कि वे गोरखपुर जाकर महायोगी गुरु गोरखनाथ मंदिर या गीता प्रेस नहीं गए, बल्कि माफिया को बढ़ावा देने में लगे रहे। उन्होंने विपक्षी गठबंधन का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि गठबंधन में शामिल होने के बावजूद वहां कांग्रेस के झंडे नहीं दिखे। इसके साथ ही राजभर ने अखिलेश को अराजक तत्वों का साथ छोड़ बुजुर्गों से सीख लेने की नसीहत दी और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर 2027 में पार्टी का सफाया हो जाएगा।
रोड शो के दौरान हुआ था हादसा
गौरतलब है कि गोरखपुर में अखिलेश यादव का रोड शो आयोजित किया गया था, जहां उनके स्वागत के लिए जेसीबी मंगवाई गई थी। आरोप है कि रोड शो के बाद लौटते वक्त यही जेसीबी एक भाजपा नेता के बेटे आर्यवर्धन (13) की मौत की वजह बन गई। इस वारदात के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है और पीड़ित परिवार के साथ-साथ कई नेताओं ने दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग उठाई है।


