More
    Homeराजस्थानजयपुरनालसा के ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का द्वितीय चरण

    नालसा के ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का द्वितीय चरण

    जयपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के दूसरे चरण के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर क्षमता निर्माण और निरंतर संवेदीकरण को प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की ओर से शुक्रवार को एडीआर सेंटर जयपुर में चयनित सरकारी और निजी स्कूलों के प्रभारी शिक्षकों को यह प्रशिक्षण दिया गया।

    50 विद्यालयों के शिक्षक बनेंगे विधिक साक्षरता के वाहक

    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की सचिव श्रीमती पल्लवी शर्मा ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत चयनित करीब 50 सरकारी और निजी स्कूलों से नामित कुल 79 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें यथासंभव एक पुरुष और एक महिला शिक्षक को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये सभी शिक्षक अपने-अपने संस्थानों में बाल सुरक्षा, पॉक्सो जागरूकता और विधिक साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए डीएलएसए मेट्रो-द्वितीय के रिसोर्स पर्सन के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। इस पहल का प्रमुख लक्ष्य शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर बाल अधिकारों के संरक्षण, निःशुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता तथा संवेदनशील प्रकरणों की समय पर निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए दक्ष बनाना है।

    पॉक्सो एक्ट और बाल-मित्रवत न्याय प्रणाली की दी जानकारी

    प्रशिक्षण सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विशिष्ट न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट, जयपुर महानगर-द्वितीय) श्री विकास कुमार खंडेलवाल ने पॉक्सो कानून के बुनियादी प्रावधानों, बच्चों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण और बाल-मित्रवत न्यायिक सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के दुर्व्यवहार की स्थिति में पीड़ित बच्चे की पहचान को गोपनीय रखना और उसकी निजता बनाए रखना कानूनी रूप से बाध्यकारी है।

    सुरक्षित स्पर्श और साइबर खतरों से बचाव पर भी हुआ मंथन

    कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की कार्यवाहक अध्यक्ष सुश्री शांति भटनागर ने संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के संदर्भ में समिति की भूमिका को रेखांकित करते हुए संदिग्ध या गंभीर मामलों में पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति और डीएलएसए के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, बाल परामर्शदाता डॉ. पूनम गर्ग ने बच्चों के साथ उनकी आयु के अनुरूप संवाद करने, व्यक्तिगत व शारीरिक सुरक्षा, 'सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श' की पहचान तथा सहायता की जरूरत वाले बच्चों को परखने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। सत्र के दौरान ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, तकनीक से जुड़े जोखिमों और सेक्सटॉर्शन जैसे आधुनिक खतरों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उपायों पर भी गहन चर्चा की गई। इस अवसर पर एल.ए.डी.सी. जयपुर महानगर द्वितीय के चीफ श्री जनार्दन कुमार आत्रेय, डिप्टी श्री अमित कुमार जैन, प्राधिकरण के कर्मचारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे, जबकि मंच संचालन श्रीमती शालू सरोज ने किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here