More
    Homeराज्ययूपीसादाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, पूर्व फौजी और पहली पत्नी की...

    सादाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, पूर्व फौजी और पहली पत्नी की बेरहमी से हत्या

    हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा रोड बाईपास स्थित ताज बॉडी के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के भीतर पूर्व फौजी और उनकी पहली पत्नी का शव लहूलुहान हालत में पाया गया। अज्ञात बदमाशों ने दोनों की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की टीम ने तुरंत पूरे घटनास्थल को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    कमरे में पड़ा मिला दंपत्ति का खून से लथपथ शव

    मृतक समसुद्दीन (58 वर्ष) भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बाईपास पर ही फैब्रिकेशन का काम चलाते थे और दुकान के ऊपर बने मकान में अपनी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो (55 वर्ष) के साथ रहते थे। शनिवार की रात दोनों घर पर ही थे, लेकिन रविवार सुबह साड़े आठ बजे तक जब समसुद्दीन नीचे नहीं आए, तो उनका एक परिचित युवक उन्हें देखने ऊपरी मंजिल पर गया। सीढ़ियों का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, वहां दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले, जिसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों व पुलिस को घटना की सूचना दी।

    पारिवारिक पृष्ठभूमि और पास में अलग रहती है दूसरी पत्नी

    मिली जानकारी के अनुसार, मृतक समसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना से कोई संतान नहीं थी। इसके चलते करीब 14 वर्ष पूर्व समसुद्दीन ने आगरा निवासी सीमा नामक महिला से दूसरा विवाह किया था, जिनसे उनके तीन बच्चे हैं। दूसरी पत्नी सीमा अपने बच्चों के साथ घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर एक अलग मकान में निवास करती हैं, जिसे लेकर पूर्व में भी पारिवारिक बातें सामने आती रही हैं।

    गर्दन और पेट पर चाकू के मिले गहरे घाव

    प्रारंभिक जांच और शवों के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने पाया कि हमलावरों ने दोनों की गर्दन और पेट पर पैने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता को देखते हुए पुलिस अधिकारी हर बिंदु की सूक्ष्मता से जांच कर रहे हैं तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे से फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण जैविक साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं।

    पारिवारिक विवाद की आशंका और पुलिस की बहुकोणीय जांच

    हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ और अपर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दोहरा हत्याकांड पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की हर संभव कोण से गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here