More
    Homeराजनीतिजन्मदिन पर शुरू होगा ‘सेवा संकल्प’, PM मोदी के 25 साल के...

    जन्मदिन पर शुरू होगा ‘सेवा संकल्प’, PM मोदी के 25 साल के सफर को समर्पित रहेगा अभियान

    नई दिल्ली: नई दिल्ली में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय बैठक के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक के उपरांत सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और सेवा संकल्प अभियान के लिए गठित प्रांतीय टीमों के साथ विस्तृत कार्यशाला संपन्न हुई है। विनोद तावड़े ने कहा कि प्रतिवर्ष 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले 'सेवा पखवाड़ा' को इस बार और व्यापक रूप दिया जाएगा।

    25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर विशेष अभियान

    बीजेपी नेता ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक सेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसी ऐतिहासिक अवसर को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को विस्तारित कर पूरे देश में एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने का निर्णय लिया है।

    'सेवा सेतु' के जरिए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी मदद

    अभियान के दौरान 'सेवा सेतु' पहल भी शुरू की जाएगी। इसके तहत आवश्यक कागजातों के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए नागरिकों की मदद की जाएगी। विकासखंड (ब्लॉक) स्तर पर 15 दिनों तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

    युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज और डिजिटल पहल

    युवाओं को स्थानीय सामाजिक समस्याओं के समाधान तलाशने और शोध के लिए प्रेरित करने हेतु ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर 'नेशनल इनोवेशन चैलेंज' प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त 'सेवा में मेरा योगदान' पहल के तहत युवाओं से सफाई, पौडोरपण और टीबी उन्मूलन जैसे सेवा कार्यों में भाग लेकर प्रेरणादायी रील बनाने और उन्हें साझा करने का आह्वान किया गया है।

    आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान

    इस अभियान के तहत देशभर के 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर जाकर पार्टी कार्यकर्ता कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करेंगे और 'आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विनोद तावड़े ने बताया कि अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए 31 अगस्त तक राज्य स्तर पर और तत्पश्चात जिला स्तर पर बैठकों व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here