More
    Homeराजस्थानअलवरकांवड़ियों पर टूटा तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर की टक्कर से एक...

    कांवड़ियों पर टूटा तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर की टक्कर से एक की मौके पर मौत

    अजमेर: अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में बुधवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा घटित हो गया। पुष्कर से पवित्र जल लेकर किशनगढ़ की ओर लौट रहे कांवड़ यात्रियों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि किशनगढ़ निवासी शुभम राव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई प्रदीप राव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

    आक्रोशित भीड़ ने आरोपी चालक को दबोचा

    हादसे के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप और चीख-पुकार मच गई। घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भागने का प्रयास कर रहे ट्रेलर चालक को मौके पर ही धर दबोचा। उग्र भीड़ ने आरोपी चालक की जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गेगल थाना पुलिस का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और बड़ी मशक्कत के बाद चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

    पीड़ित परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    इस ह्रदयविदारक घटना से पूरे किशनगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार मृतक शुभम राव के पिता का भी कुछ ही दिन पूर्व निधन हुआ था। परिवार अभी पिता के जाने के गहरे दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब बड़े बेटे की दर्दनाक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना का समाचार मिलते ही रिश्तेदार, परिचित और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अस्पताल और घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

    पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

    पुलिस प्रशासन ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here