मुंबई। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने जीशान सिद्दीकी को पार्टी का मुंबई अध्यक्ष नियुक्त किया है।
पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार
मुंबई NCP अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति पर NCP के MLC जीशान सिद्दीकी ने कहा कि यह एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जो पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सौंपी है। उन्होंने कहा, "यह मेरे और मेरी पूरी टीम के लिए बहुत बड़ी बात है। अब मुंबई में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी का झंडा बुलंद करना हमारी मुख्य जिम्मेदारी है।" सिद्दीकी ने सुनेत्रा पवार को मां समान और पार्थ पवार को बड़े भाई की तरह बताते हुए कहा कि वे नेतृत्व के इस भरोसे पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।
वित्त विभाग वापस मिलने की जताई उम्मीद
अध्यक्ष पद संभालने के तुरंत बाद जीशान सिद्दीकी ने सरकार में विभागों के बंटवारे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग हमेशा अजित दादा पवार के पास रहा है और पार्टी का मानना है कि सुनेत्रा पवार इसे संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर बातचीत के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को वित्त विभाग जल्द वापस मिलेगा। सिद्दीकी ने कहा कि पूरी पार्टी को यही उम्मीद है और उन्हें पूरा भरोसा है कि ऐसा जल्द संभव होगा।


