More
    Homeराज्यपंजाबमुक्तसर में चोरों का आतंक, एक ही रात 4 दुकानों के तोड़े...

    मुक्तसर में चोरों का आतंक, एक ही रात 4 दुकानों के तोड़े शटर

     मुक्तसर में कहने को तो जिला पुलिस काफी सक्रिय होने का दावा भरती है लेकिन सक्रियता जमीन पर कहीं नजर नहीं आ रहा। जिसका परिणाम यह हुआ कि दूसरे दिन भी एक ही रात में चोरों ने चार और दुकानों पर हाथ साफ कर दिया है। पहली चोरी के आरोपित अभी हाथ नहीं लगे थे कि दूसरी बार रात के समय मंगलवार को चोरों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों के शटर तोड़ सामान चोरी कर फरार हो गए हैं।

    घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोर हजारों की नकदी और सामान चोरी कर ले गए हैं। बता दें कि इससे पहले रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि स्विफ्ट कार पर आए चोरों ने शहर में तीन दुकानों पर नकदी और सामान चोरी किया था।

    पुलिस की ढीली कार्रवाई के चलते चोरों के हौंसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन के राज्य में चोर बेखौफ होकर चोरियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब लोग घरों व दुकानों पर भी सुरक्षित नहीं रहे।

    जानकारी के अनुसार चोरों ने अबोहर रोड पर स्थित खड्डियां वाली गली व मौड़ रोड पर चार दुकानों के शटर तोड़ चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरी की इन घटनाओं से दुकानदारों का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। चोरी की यह सभी घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।

    बता दें कि चोरों ने खड्डियां वाली गली स्थित दशमेश डेयरी, मौड़ रोड पर गुरमीत पाइप स्टोर एंड सोलसर सिस्टम, रोमाणा सर्विस स्टेशन तथा एक करियाना की दुकान को निशाना बनाया और चोरियां कर डालीं। भड़के शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

    मौड़ रोड पर स्थित गुरमीत पाइप स्टोर एंड सोलर सिस्टम के संचालक गुरमीत सिंह ने बताया कि उसकी दुकान से 25 हजार का सामान चोरी हुआ है जिसमें चार मोटरें व अन्य सामान शामिल है। चोरी की वारदातें करने वालों पर पुलिस शिकंजा कसे।

    रोमाणा सर्विस स्टेशन के रवि कुमार ने बताया कि वह रात को रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था।‌ सुबह आया तो शटर टूटा पड़ा था।‌अंदर जाकर देखा तो गल्ले से पांच हजार से ज्यादा नकदी चोरी हो चुकी थी। किराना स्टोर संचालक नीलू ने कहा कि उसने सुबह आकर दुकान खोली तो चोरी होने का पता चला। उसकी दुकान से तीन से चार हजार रुपये नकदी चोरी हुई है।

    उल्लेखनीय है कि सिटी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को रोकने में पुलिस प्रशासन विफल साबित हो रहा है। इससे पहले भी दिन दिहाड़े एक मेडिकल स्टोर संचालक से लाख रुपये की नकदी पिस्तौल के बल पर लूट ली गई थी। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपित काबू कर लिए थे। लेकिन लगातार हो रही अपराधिक घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here