जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के परिणाम आने के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश इकाई को नई दिल्ली बुलाकर कड़ी फटकार लगाई है। चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा हेतु बुधवार शाम पांच बजे से भाजपा मुख्यालय के विस्तार भवन में लगभग तीन घंटे तक चली मैराथन बैठक में सत्ता और संगठन दोनों मोर्चों पर कार्यकर्ताओं की शिकायतों तथा सुझावों को वक्त रहते गंभीरता से नहीं लेने पर केंद्रीय नेतृत्व ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
केंद्रीय संगठन महामंत्री ने ली प्रदेश पदाधिकारियों की क्लास
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मुख्यालय के विस्तार भवन में राजस्थान प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलदीप चहल और कविता पाटीदार की उपस्थिति में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, महामंत्री अजेय कुमार, श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम एवं भूपेंद्र सैनी से चुनाव नतीजों के बाद कमजोर प्रदर्शन की वजहों पर जवाब तलब किया। सूत्रों के मुताबिक इस मंथन में टिकट वितरण, रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने में हुई देरी और स्थानीय स्तर पर संगठन की ढीली पकड़ पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीण इलाकों में संगठन की सक्रियता, नेतृत्व का कार्यकर्ताओं से संवाद, स्थानीय राजनीतिक समीकरण, चुनाव के वक्त हुए भितरघात, आपसी समन्वय के अभाव तथा बूथ स्तर तक की मजबूती का भी बारीकी से आकलन किया जा रहा है। बैठक की समाप्ति पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन समीक्षा की गई है।
फीडबैक तंत्र और लाभार्थी वर्ग तक पहुंच पर उठे सवाल
समीक्षा बैठक के दौरान टिकट बंटवारे से पैदा हुए असंतोष को समय पर शांत न कर पाने और पार्टी के फीडबैक तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए गए। नेतृत्व ने पूछा कि जब चुनाव चरणबद्ध तरीके से संपन्न हुए और प्रत्येक चरण के बाद पार्टी के पास प्रदर्शन व जमीनी वास्तविकता का आकलन करने का अवसर मौजूद था, तो पूर्व की खामियों से सीख लेकर आगामी चरणों की रणनीति में बदलाव क्यों नहीं किया गया। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थी वर्ग तक संपर्क बढ़ाने और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के मुद्दों पर भी मंथन हुआ, क्योंकि पार्टी का मानना है कि लाभार्थी एक बड़ा वर्ग है जो पारंपरिक रूप से भाजपा के साथ खड़ा रहता है।
2028 के विधानसभा चुनाव में फिर सरकार बनाने का मदन राठौड़ का दावा
दूसरी ओर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव के नतीजे विधानसभा चुनाव में जीत की गारंटी नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस चुनावी कामयाबी से घमंड में नहीं आना चाहिए, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता इसका करारा जवाब देंगे और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पुनः पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी।

