अलवर. शहर के वार्ड नम्बर 11 के पार्षद देवेंद्र रसगनिया ने अपने वार्ड में विकास कार्य कराने की बात कही है। पार्षद बुधवार को नगर निगम आयुक्त के चेंबर में पहुंचे और उन्हे जमीन पर लेटकर दण्डवत प्रणाम कर उनके वार्ड में नाला सफाई, फेरो कवर लगाने, वार्ड में सफाई कर्मचारी लगाने सहित अन्य विकास कार्य कराने की गुहार लगाई, पार्षद के दंडवत प्रणाम का आयुक्त पर कोई असर नहीं हुआ और वे उन्हें काम कराने को लेकर कोई संतोषजनक जवाब देने के बजाय चेंबर से उठकर चले गए। साथ ही पार्षद को काम नहीं करा पाने की बात कह जले पर नमक छिड़कने का काम कर गए। पार्षद रसगनिया ने बाद में बताया कि वह लंबे समय से वार्ड में नाला सफाई कराने, वार्ड में सफाई कर्मचारी बढ़ाने, नालियों पर फेरो कवर लगाने सहित कई अन्य विकास कार्य कराने की मांग लिखित में आयुक्त को देते रहे हैं, लेकिन वार्ड में नगर निगम ने कोई काम नहीं कराया। आयुक्त पर उनकी मांगों का असर नहीं होता देख बुधवार को वे पुन: आयुक्त के कार्यालय में पहुंचे और गांधीवादी तरीका अपनाकर दंडवत प्रणाम कर आयुक्त के सामने उनकी मांगें पूरी करने की गुहार लगाई, लेकिन इसका भी आयुक्त पर कोई असर नहीं हुआ और वे वार्ड में काम कराने का आश्वासन देने के बजाय चेम्बर से उठकर चले गए। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में लंबे समय स काम नहीं हो रहे। इस कारण उन्हें आज दंडवत प्रणाम करने के लिए मजबूर होनी पड़ रहा है।
वार्ड चार के पार्षद ने भी कहा पांच वर्षों से नहीं हुआ कोई काम
शहर के वार्ड नंबर चार के पार्षद महेश भी बुधवार को नगर निगम के आयुक्त के चेम्बर में अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर पहुंचे और दंडवत प्रणाम कर वार्ड में कार्य कराने की मांग की। पार्षद महेश ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले पांच साल में विकास कार्य की कोई एनआइटी नहीं लगी। वार्ड में नाले कचरे से भरे हैं, सफाई नहीं हो रही, सड़को के क्रॉसिंग टूटे पड़े हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई बार इन समस्याओं को लेकर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर वे भी नगर परिषद में अपने वार्ड में कार्य कराने के लिए दंडवत प्रणाम करने को मजबूर हैं।


