More
    Homeखेलभारतीय - कनाडा का मुकाबला मैदान गीला होने के कारण बिना टॉस...

    भारतीय – कनाडा का मुकाबला मैदान गीला होने के कारण बिना टॉस हुए रद्द

    नई दिल्ली.  टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत और कनाडा का मैच भी बारिश और मैदान गीला होने की वजह से नहीं हो पाया। फ्लोरिडा के लॉडरहिल में लगातार तीसरा मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाया है। इसके साथ ही भारत के ग्रुप राउंड मुकाबले भी खत्म हो गए हैं।

    कनाडा के खिलाड़ियों के पास भारत के खिलाफ खेलकर अच्छा अनुभव हासिल करने का मौका था। लेकिन बारिश की वजह से टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का मुकाबला नहीं हो पाया। अमेरिका के खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर नाम कमा लिया था। अब कनाडा के पास भी यह मौका था लेकिन बारिश ने उन्हें धोखा दे दिया। सुपर 8 की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी कनाडा का यह टूर्नामेंट में आखिरी मुकाबला था। दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट से संतोष करना पड़ा।

    भारतीय गेंदबाजों ने किया दमदार प्रदर्शन

    ग्रुप चरण में जहां बल्लेबाज न्यूयॉर्क की ड्रॉप इन पिचों पर संघर्ष करते दिखे, वहीं भारतीय गेंदबाजों विशेष रूप से तेज गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। इनमें मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज ने मिलकर 20 विकेट चटकाए। निश्चित रूप से इन्हें नासाउ काउंटी स्टेडियम की गेंदबाजों के लिए मददगार ड्रॉप इन पिच मिली और अब आगामी मैचों में उन्हें वेस्टइंडीज में खेलने के लिए पारंपरिक पिचें मिलेंगी। पिच से निश्चित रूप से मदद मिली लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने भी तकनीकी समझ और परिस्थितियों को समझकर उनका फायदा उठाया। अर्शदीप से बेहतर कोई नहीं दिखा।

    सूर्यकुमार – पंत ने बल्लेबाजी में दिखाया दम

    कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव द्वारा रन जुटाना सकारात्मक रहा जिसके अलग कारण रहे। रोहित और सूर्यकुमार दोनों ने आईपीएल 2024 में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। जिससे वे अब सुपर आठ में और बेहतर करना चाहेंगे। वहीं, पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की अगुआई करते हुए आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन दिखाया था। पंत ने पूरे आत्मविश्वास के साथ यहां की परीक्षा में सफलता हासिल की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कई शॉट खेले। विकेट के पीछे उनका प्रयास भी उतना ही अच्छा रहा। रोहित ने जहां आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया, जबकि अमेरिका के खिलाफ विपरीत परिस्थितियों में सूर्यकुमार ने नाबाद पचासा जड़कर टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि, ओपनिंग के तौर पर उतरे विराट कोहली का बल्ला अब तक खामोश रहा और उन्होंने तीन मैचों में कुल पांच रन बनाए जिसमें अमेरिका के खिलाफ शून्य पर आउट होना भी शामिल है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here