More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमूसलाधार बारिश से एमपी बेहाल, रायसेन में सड़क धंसी, कई जिले प्रभावित

    मूसलाधार बारिश से एमपी बेहाल, रायसेन में सड़क धंसी, कई जिले प्रभावित

    भोपाल: मध्य प्रदेश में दो से तीन सप्ताह के लंबे विराम के बाद मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र ने आगामी 24 से 48 घंटों में राज्य के कई अंचलों में मध्यम से भारी वर्षा का सिलसिला बने रहने का पूर्वानुमान जताया है।

    राजगढ़ में सर्वाधिक 4.1 इंच बारिश, कई जिलों में तेज बौछारें

    राज्य में सबसे अधिक 4.1 इंच बारिश राजगढ़ जिले में दर्ज की गई। इसके अलावा रायसेन में 2.5 इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर व सागर में 1.5-1.5 इंच, टीकमगढ़ में 1.1 इंच और मंडला में 1 इंच पानी गिरा। वहीं राजधानी भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, विदिशा, शाजापुर, रीवा, सतना, छतरपुर, दमोह, बालाघाट, गुना, उज्जैन और देवास में भी रुक-रुक कर तेज व हल्की बारिश का दौर जारी रहा।

    रायसेन में बारिश से सड़क धंसी, सागर-भोपाल हाईवे पर घंटों जाम

    मूसलाधार बारिश के चलते रायसेन जिले में सागर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर लड़ईया नाला पुलिया के समीप सड़क का भराव बह गया और सड़क धंस गई। इसके कारण मंगलवार तड़के से ही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और एम्बुलेंस, बसें व ट्रक घंटों फंसे रहे। स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराने का कार्य आरंभ कराया।

    मंडला में उफनता नाला पार करते बाइक सवार बहे, सुरक्षित बचाए गए

    उधर मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नाला उफान पर आ गया। पुलिया पार करने के प्रयास में बाइक सवार दो युवक बह गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक सहित बहकर करीब दो किलोमीटर दूर सुरक्षित अवस्था में मिल गया। दुर्घटना के वक्त निर्माणाधीन पुलिया पर पानी का तेज बहाव था।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here