More
    Homeराज्ययूपीगोगामेड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, बागपत एक्सप्रेसवे हादसे में...

    गोगामेड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, बागपत एक्सप्रेसवे हादसे में 12 की मौत

    बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

    तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, चीख-पुकार

    हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र स्थित अल्हापुर गांव के 33 लोग पिकअप वाहन (UP-24 AT-1819) से राजस्थान के गोगामेड़ी में धार्मिक दर्शन के बाद वापस घर लौट रहे थे। बड़ागांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और पलट गया। हादसे के बाद कई यात्री गाड़ी के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

    6 की मौके पर मौत, 6 ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय राहगीरों की मदद से दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल बागपत ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज और जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर किया गया। मेरठ में इलाज के दौरान छह और घायलों की मौत हो जाने से मृतकों की कुल संख्या 12 तक पहुंच गई है।

    प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे अस्पताल, जांच शुरू

    हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और डॉक्टरों को समुचित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here