More
    Homeराजस्थानजयपुरRCA चुनाव से पहले मतदाता सूची बनी विवाद की वजह, तीन जिला...

    RCA चुनाव से पहले मतदाता सूची बनी विवाद की वजह, तीन जिला संघों को लेकर आपत्ति

    जयपुर: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के आगामी चुनावों के लिए जारी मतदाता सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। आम सभा (AGM) से औपचारिक स्वीकृति न मिलने और पूर्व में संबद्धता रद्द होने के बावजूद तीन नए जिला क्रिकेट संघों—खैरथल-तिजारा, बालोतरा और डीडवाना-कुचामन को मतदाता सूची में शामिल कर मताधिकार दे दिया गया है। जिन संघों ने कभी आरसीए की किसी भी आधिकारिक क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया, उन्हें वोटिंग का अधिकार मिलने से अन्य मान्यता प्राप्त जिला क्रिकेट संघों में भारी असंतोष व्यापत है।

    वर्ष 2023 में हुआ था तीनों जिला संघों का पंजीकरण

    राज्य सरकार द्वारा नए जिलों के गठन की घोषणा के पश्चात वर्ष 2023 के अंत में खेल संघों का पंजीकरण कराया गया था:

    • खैरथल-तिजारा: 29 नवंबर 2023 को पंजीकरण।

    • बालोतरा व डीडवाना-कुचामन: 4 दिसंबर 2023 को पंजीकृत।

    हालांकि, सहकारिता विभाग के तत्कालीन रजिस्ट्रार ने 5 दिसंबर 2023 को एक आदेश जारी कर नए जिलों में खेल संघों के नए पंजीकरण पर पूर्ण रोक लगा दी थी, जिससे कोटपूतली-बहरोड़, सलूंबर, डीग और फलौदी जैसे अन्य जिलों में प्रक्रिया ठप हो गई थी।

    एडहॉक कमेटी और एजीएम में निरस्त किए जा चुके थे प्रमाण पत्र

    विवाद का सबसे बड़ा पहलू यह है कि 17 जुलाई 2025 को आरसीए की एडहॉक कमेटी की बैठक में इन संघों को जारी किए गए संबद्धता प्रमाण पत्रों की समीक्षा की गई थी। जांच में पाया गया कि बिना प्रबंध समिति और एजीएम की अनुमति के नियम विरुद्ध तरीके से ये प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। इसके पश्चात एडहॉक कमेटी ने इन्हें अवैध मानते हुए तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था, जिस पर 5 सितंबर 2025 को हुई वार्षिक साधारण सभा (AGM) ने भी अपनी मुहर लगाई थी।

    नियमों को दरकिनार कर मतदाता सूची में शामिल करने पर उठे सवाल

    जब आरसीए की सर्वोच्च संस्था (एजीएम) स्वयं इन जिला क्रिकेट संघों की संबद्धता को गैर-कानूनी मानकर खारिज कर चुकी है, तब मौजूदा चुनावी मतदाता सूची में इन्हें किस आधार पर स्थान दिया गया? इस प्रशासनिक विसंगति को लेकर आरसीए के पूर्व पदाधिकारियों और अन्य जिला संघों ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here