मुंबई: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह (Pawan Singh) अपनी पेशेवर उपलब्धियों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उनकी पर्सनल लाइफ में विवाह, प्रेम प्रसंग और उतार-चढ़ाव का एक लंबा सफर रहा है। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उन्होंने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की, जो कानूनी मामलों और अदालती चक्करों में उलझी हुई है। इसके अलावा, अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ उनके चर्चित अफेयर का अंत भी काफी विवादों में रहा था, जिसमें पवन सिंह ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उन्होंने परिवार और मां की पसंद के खातिर अपने प्यार का त्याग कर दिया था।
रियलिटी शो के प्रोमो में राधे मां की भविष्यवाणी
इन तमाम चर्चाओं के बीच अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि पवन सिंह की जिंदगी में जल्द ही एक बार फिर से शहनाई बज सकती है। इन दिनों पवन सिंह रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आ रहे हैं, और इसी शो के हालिया प्रसारित प्रोमो में आध्यात्मिक गुरु राधे मां ने उनकी तीसरी शादी को लेकर एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर दी है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
भारती सिंह के सवाल पर राधे मां का बड़ा बयान
आगामी एपिसोड को मशहूर कॉमेडियन और होस्ट भारती सिंह (Bharti Singh) होस्ट कर रही हैं, जिसमें राधे मां ने विशेष मेहमान के रूप में शिरकत की है। सामने आए प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि राधे मां सेट पर पवन सिंह और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत कर रही हैं। इसी दौरान भारती सिंह ने चुटकी लेते हुए राधे मां से सवाल किया, "राधे मां, पवन सिंह को एक अच्छा जीवनसाथी कब मिलेगा? इस मामले में बेचारे ने जिंदगी में बहुत धोखे खाए हैं।"
भारती का यह सवाल सुनते ही राधे मां ने पवन सिंह को अपने पास बुलाया। पावर स्टार भी बेहद विनम्रता और सम्मान के साथ हाथ जोड़कर उनके सामने जा खड़े हुए। राधे मां ने उनकी तरफ देखा और मुस्कुराते हुए कहा, "इनका दिल बहुत साफ और पवित्र है। इन्हें 45 साल की उम्र में एक बेहद प्यार करने वाली और वफादार पत्नी मिलेगी।" राधे मां की यह भविष्यवाणी सुनकर पवन सिंह शरमा गए और उनके चेहरे पर हल्की मुस्कान आ गई।
आम्रपाली दुबे की चुटकी और सेट पर गूंजे ठहाके
राधे मां की इस बात के पूरा होते ही पवन सिंह के पास बैठी भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे (Aamrapali Dubey) अपनी उंगलियों पर साल गिनने लगीं। इस मजेदार पल को देखकर भारती सिंह खुद को रोक नहीं पाईं और तुरंत आम्रपाली की नकल उतारते हुए मजाकिया लहजे में बोलीं, "आम्रपाली जी तो अभी से उंगलियों पर साल गिनने लगी हैं… कि आखिर भाभी जी इस दुनिया में कब आएंगी?"
भारती की इस हाजिरजवाबी और चुटकी को सुनते ही सेट पर मौजूद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे और खुद पवन सिंह जोर-जोर से हंस पड़े। माहौल काफी खुशनुमा हो गया। भारती ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "बस दोस्तों, अब थोड़ा सा इंतजार करिए, उसके बाद हम सब मिलकर इनकी शादी में धमाकेदार डांस करेंगे!"
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा प्रोमो
यह दिलचस्प प्रोमो जैसे ही इंटरनेट पर रिलीज हुआ, वैसे ही सोशल मीडिया पर छा गया। पवन सिंह के चाहने वाले और फैंस उनकी निजी जिंदगी में आने वाले इस नए पड़ाव को लेकर काफी उत्साहित हैं। वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "भइया अब फिर से दूल्हा बनेंगे, इस बार खुशियां जरूर मिलेंगी।" दूसरे यूजर ने लिखा, "टीआरपी किंग पवन सिंह जहां भी जाते हैं, महफिल लूट लेते हैं।" वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि भारती सिंह और राधे मां की कॉम्बिनेशन ने इस एपिसोड को रिलीज से पहले ही सुपरहिट बना दिया है।


