अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप से छात्राओं को प्रति वर्ष 30 हजार रुपये की सहायता
मिशनसच न्यूज, जयपुर। देश की बेटियों को उच्च शिक्षा की राह में आर्थिक बाधाओं से मुक्त करने के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने बड़ी पहल की है। फाउंडेशन ने अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की घोषणा की है, जिसके तहत चयनित छात्राओं को प्रति वर्ष 30,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। यह राशि ट्यूशन फीस के साथ अन्य शैक्षणिक खर्चों में भी उपयोग की जा सकेगी।
स्कॉलरशिप स्नातक अथवा डिप्लोमा कोर्स (2 से 5 वर्ष अवधि) की पूरी पढ़ाई के दौरान प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य उन छात्राओं को सशक्त बनाना है जो आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आती हैं लेकिन पढ़ाई जारी रखने का संकल्प रखती हैं।
पात्रता और आवेदन प्रक्रिया
आवेदक छात्रा ने कक्षा 10 और 12 नियमित रूप से सरकारी स्कूल/कॉलेज से उत्तीर्ण की हो।
सत्र 2025-26 में छात्रा का प्रवेश किसी मान्यता प्राप्त डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के प्रथम वर्ष में हुआ हो।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
आवेदन की तिथियाँ
पहला चरण: 10 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 तक
दूसरा चरण: 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक
किन राज्यों की छात्राएँ होंगी लाभान्वित
यह स्कॉलरशिप अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की छात्राओं के लिए उपलब्ध होगी।
आवश्यक दस्तावेज़
आवेदन के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण (पासबुक/बैंक स्टेटमेंट), कक्षा 10 और 12 की अंकतालिकाएँ तथा प्रवेश प्रमाणपत्र या ट्यूशन फीस रसीद की साफ और रंगीन कॉपी अपलोड करनी होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन का कहना है कि यह पहल केवल वित्तीय सहयोग तक सीमित नहीं है बल्कि यह समाज की आधी आबादी को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास भी है। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियाँ अक्सर पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं, ऐसे में यह स्कॉलरशिप उनके लिए नई राह खोलेगी।

