नागपुर। नागपुर हवाई अड्डे के सेंट्रल डोम में चल रहे नवीनीकरण कार्य के कारण 16 नवंबर से यातायात, पार्किंग और यात्रियों के पिकअप नियमों में अस्थायी फेरबदल लागू किए गए हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने आम जनता और यात्रियों की सहूलियत के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए संभावित भीड़भाड़ से बचने के लिए यात्रा की पूर्व योजना बनाने की अपील की है।
सामान्य पार्किंग की लेन-2 से होगा यात्रियों का पिकअप
प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, निर्माण कार्य की वजह से वर्तमान अराइवल पिकअप जोन अस्थायी तौर पर बंद रह सकता है। ऐसी स्थिति में बाहर से आने वाले यात्रियों को लेने के लिए वाहन चालकों को सामान्य पार्किंग परिसर की लेन-2 का इस्तेमाल करना होगा। परिसर के भीतर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए जगह-जगह दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए गए हैं, जिनका पालन करना सभी चालकों और यात्रियों के लिए अनिवार्य होगा।
खामला जाने वाले रास्तों में बदलाव और वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए एयरपोर्ट साउथ मेट्रो स्टेशन से अराइवल रोड होते हुए खामला की तरफ जाने वाले चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की हिदायत दी गई है। अराइवल साइड से बाईं ओर मुड़ने वाले मार्ग को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद रखा गया है। इसके साथ ही सामान्य पार्किंग स्थल से बाहर निकलने वाले सभी वाहनों को अब गेट नंबर-2 से निकासी करनी होगी।
यात्रियों से समय से पहले पहुंचने का अनुरोध
हवाई सफर करने वाले यात्रियों को प्रशासन ने सुझाव दिया है कि वे मार्ग परिवर्तन के चलते लगने वाले संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय से कुछ पहले घर से निकलें। एयरपोर्ट परिसर में तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की गई है, वहीं इस व्यवस्था से जुड़े आगामी अपडेट्स प्रशासन के आधिकारिक मंचों के जरिए साझा किए जाते रहेंगे।

