अलवर के खेड़ली कस्बे में दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने राजकीय विद्यालय के व्याख्याता प्रेम गोपाल शर्मा को गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मिशनसच न्यूज, खेड़ली (अलवर)।
अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में मंगलवार शाम उस समय दहशत फैल गई जब दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने राजकीय विद्यालय के व्याख्याता प्रेम गोपाल शर्मा (45) को गोली मार दी। गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घायल व्याख्याता को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम गोपाल शर्मा, खेड़ा लगनपुर गांव के निवासी हैं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भनोखर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि मंगलवार को स्कूल से छुट्टी के बाद शाम करीब सवा चार बजे वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जहाडू गांव के पास पीछे से आए दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वे बाइक से गिर पड़े।
घायल होने के बावजूद प्रेम गोपाल शर्मा ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह बाइक संभालकर स्कूल की ओर लौटे। उन्होंने ग्रामीणों और सहयोगियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले प्रेम गोपाल शर्मा का काटवाड़ी गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। पुलिस को संदेह है कि उसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गोली चलाने वाले संदिग्ध दोनों युवक घटना से पहले स्कूल के सामने स्थित चौधरी मिष्ठान भंडार पर करीब दो घंटे तक बैठे रहे। उन्होंने दुकान पर कलाकंद खाया और ऑनलाइन पेमेंट भी किया। जैसे ही व्याख्याता स्कूल से बाहर निकले, दोनों नकाबपोश युवक उनके पीछे-पीछे लग गए और सुनसान जगह देखकर गोली मार दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस को मौके से कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल व्याख्याता प्रेम गोपाल शर्मा, धौलागढ़ देवी थाना प्रभारी संजय शर्मा के चाचा ससुर बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भी हलचल मच गई है। खेड़ली थाना पुलिस के साथ-साथ अलवर जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को चारों दिशाओं में रवाना कर दिया गया है। आसपास के गांवों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर कोण से जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस गोलीकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोगों में पुलिस सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


