ज्योतिबा फुले सर्किल पर हुई वारदात में दो एंबुलेंस चालक गंभीर घायल, उमाशंकर की हालत नाजुक; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अलवर। शहर के ज्योतिबा फुले सर्किल पर बुधवार सुबह दो एंबुलेंस चालकों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि रोहित नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों चालकों से कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद शराब की बोतल तोड़कर उसके कांच से दोनों के गले पर वार किए गए। हमले में उमाशंकर उर्फ पवन और करण गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
पुरानी रंजिश को लेकर बढ़ा विवाद
घायल एंबुलेंस चालक उमाशंकर उर्फ पवन ने बताया कि वह अपने साथी करण के साथ ज्योतिबा फुले सर्किल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान रोहित अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया गया कि पुरानी रंजिश और मामूली कहासुनी को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और दोनों चालकों पर हमला कर दिया गया।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार
हमले में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, उमाशंकर की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि करण का भी उपचार जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


