बांदीकुई–अलवर–नई दिल्ली लोकल सेवा शुरू करने की मांग, रेल विकास संघर्ष समिति ने बताई यात्रियों की जरूरत
अलवर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में स्थित अलवर जिले के लाखों दैनिक रेल यात्रियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से रेल विकास संघर्ष समिति, अलवर ने बांदीकुई–अलवर–नई दिल्ली MEMU (लोकल) ट्रेन का शीघ्र संचालन शुरू करने की मांग उठाई है। समिति ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को प्रस्तावित मार्ग और विस्तृत समय-सारणी भेजते हुए इस रेल सेवा को जल्द शुरू करने का आग्रह किया है।
समिति के अध्यक्ष कमल कान्त खड़िया ने कहा कि देश को स्वतंत्र हुए लगभग 80 वर्ष होने के बावजूद बांदीकुई–अलवर–दिल्ली रेलखंड पर आज तक नियमित MEMU/EMU लोकल ट्रेन का संचालन शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अलवर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का प्रमुख औद्योगिक, पर्यटन और व्यावसायिक जिला होने के बावजूद यहां के यात्रियों को लोकल रेल सेवा की सुविधा नहीं मिल रही है।
उन्होंने बताया कि एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों जैसे पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, पलवल, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, शामली और मथुरा से दिल्ली के लिए नियमित लोकल रेल सेवाएं संचालित होती हैं, जबकि अलवर के यात्रियों को आज भी इस सुविधा का इंतजार है।
कमल कान्त खड़िया के अनुसार प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, श्रमिक और नौकरीपेशा लोग बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी और गुरुग्राम से दिल्ली की यात्रा करते हैं। लोकल ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में सफर करना पड़ता है। इससे यात्रियों पर अतिरिक्त किराये का बोझ पड़ता है और लंबी दूरी की ट्रेनों में भी अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है।
समिति ने रेल मंत्री को भेजे प्रस्ताव में बांदीकुई से सुबह 6 बजे प्रस्थान कर अलवर, खैरथल, रेवाड़ी और गुरुग्राम होते हुए नई दिल्ली तक MEMU ट्रेन चलाने तथा शाम को नई दिल्ली से वापसी सेवा संचालित करने का विस्तृत टाइम-टेबल भी प्रस्तावित किया है। समिति का कहना है कि इससे यात्रियों की सुविधा के साथ परिचालन की व्यवहारिकता का भी बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
समिति का दावा है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और नई दिल्ली के बीच पहली नियमित लोकल रेल सेवा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को किफायती एवं समयबद्ध यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों पर स्थानीय यात्रियों का दबाव कम होगा तथा दिल्ली-एनसीआर और अलवर क्षेत्र के बीच आर्थिक, औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
समिति ने यह भी कहा कि पूरा रेलमार्ग पहले से विद्युतीकृत है, इसलिए MEMU सेवा तकनीकी और परिचालन की दृष्टि से सबसे उपयुक्त विकल्प है। इसके अलावा इस सेवा के शुरू होने से सड़क यातायात और प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना है।
अंत में रेल विकास संघर्ष समिति ने रेल मंत्री से राजस्थान के एनसीआर क्षेत्र के लाखों यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को प्राथमिकता देते हुए बांदीकुई–अलवर–नई दिल्ली MEMU (लोकल) ट्रेन का शीघ्र संचालन प्रारंभ करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

