27 साल बाद अलवर में चातुर्मास को लेकर जैन समाज में उत्साह, मेरठ से शुरू हुआ मुनि संघ का विहार
अलवर। समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावी शिष्य मुनि सौम्यसागर महाराज ससंघ का इस वर्ष चातुर्मास अलवर में होगा। जैसे ही इस शुभ समाचार की जानकारी अलवर के जैन धर्मावलम्बियों को मिली, समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया। चातुर्मास को लेकर श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर समिति ने तैयारियां भी प्रारंभ कर दी हैं।
27 वर्ष बाद मिला ऐतिहासिक अवसर
श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर, अलवर के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन ने बताया कि करीब 27 वर्ष बाद अलवर में आचार्य विद्यासागर महाराज के किसी शिष्य का चातुर्मास आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अलवर में चातुर्मास कराने के प्रयास किए जा रहे थे और अब मुनि सौम्यसागर महाराज के चातुर्मास की स्वीकृति मिलने से समाज की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई है।
उन्होंने बताया कि मुनि सौम्यसागर महाराज के साथ उनके संघ में मुनि निश्चलसागर महाराज भी विराजमान हैं, जिनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
मेरठ से शुरू हुआ विहार, आज से जुड़ेंगे श्रद्धालु
मुकेश कुमार जैन ने बताया कि मुनि सौम्यसागर महाराज ने मेरठ से अलवर के लिए विहार प्रारंभ कर दिया है। विहार की व्यवस्था बनाए रखने तथा धर्मलाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अलवर के जैन श्रद्धालु 7 जुलाई से मुनि संघ के साथ जुड़ेंगे और उनके अलवर आगमन तक विहार में सहभागी रहेंगे।
चातुर्मास की तैयारियां तेज
मुनि सौम्यसागर महाराज ससंघ के अलवर आगमन एवं चातुर्मास को लेकर शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जैन समाज के विभिन्न संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा आवास, धार्मिक आयोजन, प्रवचन, पूजा-अर्चना तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समाज के लोगों का मानना है कि मुनि संघ का चातुर्मास अलवर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

