More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर : सड़क पर मरे पशु, खुले सीवरेज ढक्कन और कचरे...

    अलवर : सड़क पर मरे पशु, खुले सीवरेज ढक्कन और कचरे के ढेर, ट्रांसपोर्ट नगर के लोग परेशान

    ट्रांसपोर्ट नगर अलवर में असामाजिक तत्वों का बोलबाला, प्रशासन बेखबर

    मिशनसच न्यूज, अलवर | बापू शोभाराम कला कॉलेज के पास बने पुल से नीचे उतरते ही ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर गंभीर स्वच्छता संकट सामने आ रहा है। सड़क किनारे और आसपास बड़ी संख्या में मरे हुए जानवरों के शव पड़े होने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैली हुई है, जिससे राहगीरों का वहां से गुजरना दूभर हो गया है।

    स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के बीचोंबीच सीवरेज का ढक्कन खोलकर गड्ढे में गटर के टैंकर से पानी डाला जाता है और इसके बाद ढक्कन खुला ही छोड़ दिया जाता है। इससे न केवल बदबू बढ़ रही है, बल्कि हादसे की आशंका भी बनी हुई है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह कार्य खुलेआम किया जा रहा है, लेकिन अलवर जिला प्रशासन और थाना एनईबी पुलिस की ओर से अब तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

    स्थिति यह है कि इस क्षेत्र में शहर का कचरा और मलवा भी लगातार डाला जा रहा है, जिससे पूरा इलाका गंदगी का अड्डा बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर रोष है कि आखिर किस माफिया या प्रभावशाली लोगों के इशारे पर यह सब गतिविधियां चल रही हैं।

    क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर सफाई कराई जाए, मरे पशुओं के शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो, खुले सीवरेज ढक्कनों को बंद कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि उन्होंने यह भी सुना है कि अलवर की जिला कलेक्टर को स्वच्छता अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, ऐसे में शहर की इस भयावह स्थिति पर त्वरित संज्ञान लिया जाना चाहिए।

    स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान कर क्षेत्र को दुर्गंध और बीमारी के खतरे से मुक्त कराने की अपील की है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here